Bigg Boss 20: कौन हैं मिट्ठू डॉन नकुल धुल? एंट्री के साथ ही क्यों शुरू हुआ विवाद

सलमान खान के रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ में वाइल्डकार्ड कंटेस्टेंट नकुल धुल उर्फ ‘मिट्ठू डॉन’ की एंट्री के बाद विवाद खड़ा हो गया है। महिलाओं को लेकर दिए गए उनके पुराने बयानों के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। नकुल ने घर के अंदर इन बयानों पर सफाई भी दी है, लेकिन सोशल मीडिया पर उन्हें शो से बाहर करने की मांग उठ रही है।

Knews Desk – कलर्स और जियोहॉटस्टार के रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ में वाइल्डकार्ड कंटेस्टेंट्स की एंट्री के साथ ही विवाद शुरू हो गया है। टीवी अभिनेता मनीष गोयल के बाद सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और कंटेंट क्रिएटर नकुल धुल ने दूसरे वाइल्डकार्ड कंटेस्टेंट के तौर पर शो में प्रवेश किया। ‘मिट्ठू डॉन’ के नाम से मशहूर नकुल की एंट्री के दौरान सलमान खान के मंच पर घरवालों को भी हैरानी हुई। नकुल ने बताया कि वह बच्चों को केमिस्ट्री पढ़ाते हैं और ट्यूशन लेते हैं। हालांकि, सोशल मीडिया स्टार स्काउट ने उन्हें पहचान लिया।

नकुल की एंट्री के बाद उनके पुराने वीडियो सोशल मीडिया पर फिर से चर्चा में आ गए हैं। इन वीडियो में वह महिलाओं को लेकर विवादित टिप्पणियां करते दिखाई देते हैं। इसके बाद कई यूजर्स ने उनके बयानों पर आपत्ति जताई और उन्हें शो से बाहर करने की मांग की।

हरियाणा के फरीदाबाद से ताल्लुक रखने वाले नकुल धुल सोशल मीडिया पर अपने व्यंग्य, हरियाणवी अंदाज, कॉमेडी वीडियो और ‘मिट्ठू डॉन’ के किरदार के लिए जाने जाते हैं। इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर उनके 10 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स बताए जाते हैं। हालांकि, महिलाओं की सुरक्षा और उनके सम्मान से जुड़े मुद्दों पर की गई टिप्पणियों के कारण वह पहले भी विवादों में रह चुके हैं।

https://www.instagram.com/reels/DeXM-lvvdJS/

नकुल के दो पुराने वीडियो खास तौर पर चर्चा में हैं। एक क्लिप में वह रात के समय किसी लड़की के पीछे भागने और उसे डराने से जुड़ी टिप्पणी करते सुनाई देते हैं। इस बयान को लेकर सोशल मीडिया यूजर्स ने नाराजगी जताई है। लोगों का कहना है कि महिलाओं की सुरक्षा जैसे गंभीर विषय को मजाक के रूप में पेश करना उचित नहीं है।

एक अन्य वीडियो में नकुल कथित तौर पर महिलाओं के लिए ‘नीची जेंडर’ और खुद को ‘ऊंचे जेंडर’ का बताते सुनाई देते हैं। इस वीडियो में इस्तेमाल किए गए शब्दों को लेकर भी उनकी आलोचना हो रही है। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने सवाल उठाया है कि इस तरह के बयान देने वाले व्यक्ति को इतने बड़े रियलिटी शो में मंच क्यों दिया गया।

बिग बॉस के घर में नकुल ने अपने विवादित वीडियो और कानूनी मामले को लेकर सफाई दी। उन्होंने कहा कि उनकी टिप्पणी का संदर्भ कुछ और था और लोगों ने उसका गलत अर्थ निकाला। नकुल के मुताबिक, एक लड़के ने उनसे कहा था कि वह लड़कियों से डरता है। इस पर उन्होंने तंज कसते हुए कहा था कि लड़कियां खुद भी डरती हैं, खासकर तब जब कोई रात में उनके पीछे भागता है। नकुल ने दावा किया कि उनके बयान का उद्देश्य लड़कियों को डराने की सलाह देना नहीं था, बल्कि उस लड़के की बात पर व्यंग्य करना था।

नकुल ने यह भी कहा कि वीडियो वायरल होने के बाद उनके खिलाफ मामला दर्ज हुआ। उन्होंने अपने पक्ष में कहा कि जो लोग उन्हें व्यक्तिगत रूप से जानते हैं, वे जानते हैं कि वह महिलाओं के अधिकारों का समर्थन करते हैं।

हालांकि, उनकी सफाई के बावजूद सोशल मीडिया पर विवाद थमता नजर नहीं आ रहा है। कई दर्शक उनकी टिप्पणियों को लेकर सवाल उठा रहे हैं और शो के निर्माताओं से कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

इसी बीच, कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में यह दावा भी किया गया है कि बिग बॉस के घर में नकुल और कुशल तंवर उर्फ गुल्लू के बीच तीखी बहस के बाद कथित तौर पर हाथापाई हुई। इसके बाद नकुल के शो से बाहर होने की खबरें भी सामने आईं। हालांकि, उनके एविक्शन को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं होने तक इन दावों को अंतिम रूप से सही नहीं माना जा सकता। अब देखना होगा कि शो में नकुल का सफर आगे क्या मोड़ लेता है और क्या वह अपनी सफाई से दर्शकों की राय बदल पाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *