रवि तेजा ने मचाया बॉक्स ऑफिस पर गर्दा, ‘इरुमुदी’ ने 3 दिन में बजट से दोगुनी कमाई कर दिखाई

KNEWS DESK – साउथ सुपरस्टार रवि तेजा की फिल्मों को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त क्रेज देखने को मिलता है। हालांकि, पिछले कुछ समय से उनकी फिल्मों को बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक सफलता नहीं मिल रही थी। अब रवि तेजा ने ‘इरुमुदी’ के जरिए शानदार वापसी करते हुए बॉक्स ऑफिस पर अपना दम दिखा दिया है।

फिल्म की कमाई के ताजा आंकड़े सामने आ गए हैं और महज तीन दिनों में ‘इरुमुदी’ ने अपने बजट का करीब दोगुना कमा लिया है। फिल्म ने तीसरे दिन करीब 19 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है।

तीन दिन में 50.50 करोड़ का नेट कलेक्शन

सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘इरुमुदी’ ने रिलीज के पहले दिन 15.30 करोड़ रुपये कमाए थे। दूसरे दिन फिल्म का कलेक्शन बढ़कर 16.20 करोड़ रुपये पहुंच गया। वहीं तीसरे दिन फिल्म ने करीब 19 करोड़ रुपये का कारोबार किया।

इस तरह तीन दिनों में फिल्म का कुल नेट कलेक्शन 50.50 करोड़ रुपये हो गया है।

‘इरुमुदी’ ने सिर्फ भारत में ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी ठीक प्रदर्शन किया है। रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ने तीन दिनों में करीब 58.65 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया है। वहीं ओवरसीज मार्केट से फिल्म ने 13.50 करोड़ रुपये कमाए हैं।

ओवरसीज कलेक्शन को जोड़ने के बाद फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन करीब 72.15 करोड़ रुपये हो गया है।

35 करोड़ के बजट में बनी है फिल्म

रिपोर्ट्स के मुताबिक, रवि तेजा की ‘इरुमुदी’ करीब 35 करोड़ रुपये के बजट में बनी है। ऐसे में सिर्फ तीन दिनों में फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 72 करोड़ रुपये के पार पहुंचना मेकर्स के लिए बड़ी कामयाबी मानी जा रही है। पिछली कुछ फिल्मों के कमजोर प्रदर्शन के बाद ‘इरुमुदी’ के जरिए रवि तेजा ने बॉक्स ऑफिस पर जोरदार वापसी की है।

अब फिल्म के सामने अगली बड़ी चुनौती यश की ‘टॉक्सिक’ होगी। ‘टॉक्सिक’ को लेकर भी दर्शकों के बीच काफी बज बना हुआ है। ऐसे में इसकी रिलीज के बाद ‘इरुमुदी’ के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन पर कितना असर पड़ता है, यह देखना दिलचस्प होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *