Knews Desk- जयपुर के सांगानेर क्षेत्र के कंवरपुरा गांव में जर्जर सरकारी स्कूल को आखिरकार नए भवन की सौगात मिलने जा रही है। राजस्थान सरकार ने स्कूल के नए भवन के निर्माण को मंजूरी दे दी है। करीब 18 लाख रुपये की लागत से बनने वाले इस भवन का निर्माण 1 सितंबर से शुरू होने की बात कही गई है।
दरअसल, कंवरपुरा गांव का राजकीय प्राथमिक स्कूल लंबे समय से बदहाल स्थिति में था। स्कूल की इमारत को वर्ष 2025 में ही जर्जर घोषित कर दिया गया था। इसके बाद बच्चों की पढ़ाई के लिए ग्रामीणों ने भैंसों का तबेला उपलब्ध कराया, जहां स्कूल संचालित होने लगा। बाद में स्कूल को एक परचून की दुकान में शिफ्ट कर दिया गया।
स्कूल की इस बदहाल स्थिति को लेकर सियासी विवाद भी खड़ा हो गया था। स्कूल का निरीक्षण करने पहुंचे सीजेपी कार्यकर्ताओं के साथ कथित मारपीट की घटना के बाद मामला और गरमा गया। सीजेपी की ओर से सरकार से जर्जर भवन की जगह नया स्कूल बनाने और बच्चों को तबेले से बाहर निकालने की मांग की गई थी।
अब सरकार ने नए भवन के निर्माण की स्वीकृति जारी कर दी है। इसके लिए कुल 18 लाख रुपये का बजट तय किया गया है। इसमें 12 लाख रुपये DMFT यानी डिस्ट्रिक्ट मिनरल फाउंडेशन ट्रस्ट से, जबकि 6 लाख रुपये विधायक कोष से दिए जाएंगे।
सीजेपी ने सरकार का जताया आभार
सीजेपी के आशुतोष रांका ने सरकार के फैसले का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आभार जताया। उन्होंने कहा कि संगठन की मुख्य मांग बच्चों के लिए जर्जर भवन की जगह नया स्कूल भवन उपलब्ध कराना थी, जिसे सरकार ने स्वीकार कर लिया है।
रांका ने इसे सीजेपी कार्यकर्ताओं की जीत बताते हुए कहा कि अब उनकी दूसरी मांग उन लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है, जिन्होंने कथित तौर पर सीजेपी कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की थी। उन्होंने पुलिस से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग भी की है।
नए भवन का निर्माण शुरू होने के बाद उम्मीद है कि लंबे समय से बदहाल हालात में पढ़ाई कर रहे बच्चों को जल्द ही सुरक्षित और बेहतर स्कूल परिसर मिल सकेगा।