KNEWS DESK – अक्षय खन्ना इन दिनों अपनी फिल्मों के जरिए लगातार दर्शकों का ध्यान खींच रहे हैं। ‘धुरंधर’ में खूंखार विलेन के किरदार में नजर आने के बाद अब वह एक बिल्कुल अलग अवतार में दिखाई देने वाले हैं। प्रशांत वर्मा सिनेमैटिक यूनिवर्स की अपकमिंग पैन-इंडिया फिल्म ‘महाकाली’ में अक्षय खन्ना शुक्राचार्य का किरदार निभा रहे हैं।
फिल्म का पहला ऑफिशियल लंबा प्रोमो रिलीज कर दिया गया है। करीब 2 मिनट 53 सेकंड लंबे ‘शुक्राचार्यज वॉर क्राई’ नाम के इस प्रोमो में पौराणिक दुनिया की एक शानदार झलक देखने को मिलती है। प्रोमो में धर्म और अधर्म के बीच होने वाले युद्ध की कहानी की ओर इशारा किया गया है।
शुक्राचार्य के लुक में छा गए अक्षय खन्ना
प्रोमो की शुरुआत महाकाली के रूप और एक बच्चे के जन्म के दृश्य से होती है। इसके बाद शुक्राचार्य के नजरिए से देवों और असुरों के बीच के संघर्ष को सामने रखा जाता है। इसी दौरान अक्षय खन्ना की दमदार एंट्री होती है।
शुक्राचार्य के किरदार में अक्षय खन्ना का लुक काफी अलग और प्रभावशाली नजर आ रहा है। लंबी चांदी जैसी सफेद दाढ़ी, ऊपर की ओर बंधे उलझे बाल, माथे पर तिलक और तीखी निगाहें उनके किरदार को बेहद रहस्यमयी और खौफनाक बनाती हैं।
प्रोमो में शुक्राचार्य धर्म और अधर्म को लेकर कई सवाल उठाते नजर आते हैं। देवों और असुरों के बीच पुराने संघर्ष को जिस तरह से दिखाया गया है, उससे फिल्म की कहानी को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ गई है।
शानदार VFX और बड़े स्तर पर तैयार की गई फिल्म
‘महाकाली’ के प्रोमो में बड़े सेट्स, प्रभावशाली विजुअल्स और हाई-लेवल VFX देखने को मिल रहे हैं। पौराणिक दुनिया को बड़े पैमाने पर पेश करने की कोशिश की गई है।
अक्षय खन्ना का यह किरदार उनके करियर के सबसे अलग किरदारों में से एक माना जा रहा है। ‘महाकाली’ के जरिए वह तेलुगु सिनेमा में भी कदम रखने जा रहे हैं।
8 जनवरी 2027 को रिलीज होगी ‘महाकाली’
प्रशांत वर्मा सिनेमैटिक यूनिवर्स के बैनर तले बन रही ‘महाकाली’ पैन-इंडिया फिल्म है। प्रोमो के साथ ही इसकी रिलीज डेट का भी ऐलान कर दिया गया है। फिल्म 8 जनवरी 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
अब अक्षय खन्ना के शुक्राचार्य अवतार और फिल्म की भव्य पौराणिक दुनिया ने दर्शकों की उम्मीदें बढ़ा दी हैं। देखना होगा कि प्रशांत वर्मा की यह फिल्म सिनेमाघरों में दर्शकों को कितना प्रभावित कर पाती है।