प्रभास, तृप्ति डिमरी और विवेक ओबेरॉय की फिल्म ‘स्पिरिट’ की रिलीज को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। संदीप रेड्डी वांगा के निर्देशन में बन रही यह फिल्म पहले 5 मार्च 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली थी, लेकिन अब इसकी रिलीज टलने की खबर है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म को 2027 के आखिर तक रिलीज करने की योजना बनाई जा रही है। हालांकि, मेकर्स की ओर से अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
Knews Desk – साउथ सुपरस्टार प्रभास की आगामी फिल्म ‘स्पिरिट’ को लेकर दर्शकों के बीच काफी उत्साह है। फिल्म में प्रभास के साथ तृप्ति डिमरी और विवेक ओबेरॉय भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। इस क्राइम एक्शन फिल्म का निर्देशन संदीप रेड्डी वांगा कर रहे हैं। पहले यह फिल्म 5 मार्च 2027 को रिलीज होने वाली थी, लेकिन अब इसकी रिलीज डेट आगे बढ़ाए जाने की खबर सामने आई है।
बॉक्स ऑफिस वर्ल्डवाइड की एक रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म के निर्माता मार्च 2027 में इसे रिलीज नहीं करने की योजना बना रहे हैं। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि फिल्म को साल 2027 के आखिरी महीनों में सिनेमाघरों में उतारा जा सकता है। हालांकि, रिलीज टलने की वजह और नई तारीख को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
सलमान खान की ‘मॉन्स्टर’ से टल सकता है मुकाबला
‘स्पिरिट’ की रिलीज डेट में बदलाव की खबर के बीच सलमान खान की फिल्म ‘मॉन्स्टर’ भी चर्चा में है। वामशी पेडिपल्ली के निर्देशन में बन रही यह एक्शन-ड्रामा फिल्म ईद 2027 के मौके पर रिलीज होने वाली है। हालांकि, फिल्म की सटीक रिलीज डेट का ऐलान अभी नहीं हुआ है। ईद के आसपास 9 या 10 मार्च को इसकी रिलीज की संभावना जताई जा रही है।
अगर ‘स्पिरिट’ अपनी पहले से तय तारीख यानी 5 मार्च 2027 को रिलीज होती, तो दोनों फिल्मों के बीच बॉक्स ऑफिस पर कड़ी टक्कर देखने को मिल सकती थी। लेकिन ‘स्पिरिट’ की रिलीज टलने की खबर सही साबित होती है, तो दोनों बड़ी फिल्मों का सीधा मुकाबला टल सकता है।
‘स्पिरिट’ में खलनायक बनेंगे विवेक ओबेरॉय
संदीप रेड्डी वांगा की फिल्म ‘स्पिरिट’ में प्रभास मुख्य भूमिका में नजर आएंगे, जबकि तृप्ति डिमरी फिल्म की फीमेल लीड हैं। विवेक ओबेरॉय इसमें नकारात्मक किरदार निभाते दिखाई देंगे। फिल्म को लेकर पहले से ही काफी चर्चा है और इसकी रिलीज का दर्शकों को इंतजार है।
वहीं, सलमान खान की ‘मॉन्स्टर’ में उनके साथ नयनतारा नजर आएंगी। फिल्म में जैकी श्रॉफ, रोनित रॉय, अरविंद स्वामी, सीमा विश्वास, राहुल देव और अभिमन्यु सिंह भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
फिलहाल, ‘स्पिरिट’ की नई रिलीज डेट को लेकर आधिकारिक घोषणा का इंतजार है। मेकर्स की ओर से पुष्टि होने के बाद ही साफ हो पाएगा कि फिल्म किस तारीख को सिनेमाघरों में दस्तक देगी और इसकी रिलीज आगे बढ़ाने के पीछे क्या वजह है।