ऑस्कर 2027 में भारत का परचम लहराएगी ‘गोंधल’, जानिए मराठी फिल्म की खास बातें

Knews Desk – मराठी सिनेमा के लिए यह एक अहम उपलब्धि मानी जा रही है। डायरेक्टर, राइटर और फिल्ममेकर संतोष दावखर की फिल्म ‘गोंधल’ 14 नवंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म को अब ऑस्कर 2027 के लिए भारत की आधिकारिक एंट्री के तौर पर चुना गया है।

फिल्म के चयन की जानकारी देते हुए अभय सिन्हा ने ‘गोंधल’ की पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह मराठी सिनेमा के साथ-साथ पूरी भारतीय फिल्म इंडस्ट्री के लिए गर्व का पल है। उन्होंने उम्मीद जताई कि फिल्म अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारतीय सिनेमा की कला और कहानी को मजबूती से पेश करेगी।

‘गोंधल’ का चयन 14 सदस्यों वाली समिति ने किया। इस कमेटी के चेयरमैन फिल्ममेकर पी. शेषाद्री थे। समिति में फिल्म इंडस्ट्री के अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़े निर्देशक, अभिनेता, निर्माता, सिनेमैटोग्राफर और एडिटर शामिल थे। फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया को इस साल ऑस्कर एंट्री के लिए कुल 33 फिल्मों के आवेदन मिले थे, जिनमें 14 हिंदी फिल्में भी शामिल थीं। इन सभी फिल्मों में से ‘गोंधल’ को भारत की आधिकारिक एंट्री के लिए चुना गया।

संतोष दावखर की इस फिल्म को पहले भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल चुकी है। दावखर ने इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया 2025 में फिल्म के लिए सिल्वर पीकॉक अवॉर्ड जीता था।

फिल्म की कहानी महाराष्ट्र के ग्रामीण इलाके की पृष्ठभूमि पर आधारित है। मराठी थ्रिलर ‘गोंधल’ में महाराष्ट्र की पारंपरिक लोक कला और धार्मिक रस्म गोंधल को कहानी का हिस्सा बनाया गया है। फिल्म की कहानी सुमन नाम की एक शादीशुदा महिला के इर्द-गिर्द घूमती है।

फिल्म में किशोर कदम, इशिता देशमुख, योगेश सोहोनी, निषाद भोईर और अनुज प्रभु अहम भूमिकाओं में हैं। वहीं फिल्म का संगीत मशहूर म्यूजिशियन इलैयाराजा ने तैयार किया है। अब ‘गोंधल’ ऑस्कर 2027 में भारत की ओर से बेस्ट इंटरनेशनल फीचर कैटेगरी में मुकाबला करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *