Knews Desk – मुंबई के लालबागचा राजा के दर्शन के लिए हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। इस बार भी गणेशोत्सव के दौरान पंडाल में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है। आम श्रद्धालुओं के साथ बॉलीवुड सितारे, राजनेता और उद्योग जगत की हस्तियां भी बप्पा के दर्शन करने पहुंच रही हैं। गणेशोत्सव के शुरुआती तीन दिनों में ही लालबागचा राजा मंडल को करोड़ों रुपये का चढ़ावा प्राप्त हुआ है।
मंडल के मुताबिक, हर दिन पूजा-अनुष्ठान पूरा होने के बाद दान पेटियों को खोला जाता है और चढ़ावे की गिनती की जाती है। पहले तीन दिनों में दान पेटियों से 1.9 करोड़ रुपये से ज्यादा की नकदी मिली है। इसके अलावा 647.47 ग्राम सोना मिला, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 98.9 लाख रुपये है।
चढ़ावे में करीब 12.3 किलोग्राम चांदी भी मिली है, जिसकी कीमत लगभग 30.35 लाख रुपये आंकी गई है। इसके अलावा अमेरिकी डॉलर समेत कई विदेशी मुद्राएं भी दान पेटियों से मिली हैं। इनका मूल्य मौजूदा विनिमय दर के आधार पर अलग से तय किया जा रहा है।
भक्तों ने बप्पा को सोने की चूड़ियां, चेन, चांदी के पेन और चांदी से बने नक्काशीदार क्रिकेट बैट जैसी अनोखी चीजें भी भेंट की हैं।
15 सितंबर को गणेशोत्सव के पहले दिन 48.5 लाख रुपये नकद, 66.77 ग्राम सोना और 2.806 किलोग्राम चांदी मिली। 16 सितंबर को दूसरे दिन 88.9 लाख रुपये नकद, 226.12 ग्राम सोना और 5.516 किलोग्राम चांदी चढ़ावे में आई। वहीं 17 सितंबर को तीसरे दिन 53 लाख रुपये नकद, 354.58 ग्राम सोना और 4.067 किलोग्राम चांदी मिली।
इस तरह तीन दिनों में नकद चढ़ावा करीब 1.90 करोड़ रुपये, सोना 647.47 ग्राम और चांदी करीब 12.39 किलोग्राम रही। सोने और चांदी की अनुमानित कीमत जोड़ने पर कुल चढ़ावा 3.18 करोड़ रुपये से अधिक का बैठता है। विदेशी मुद्रा की कीमत इसमें अलग से शामिल की जाएगी।
लालबागचा राजा सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडल के अनुसार, दान पेटियों की गिनती के दौरान पारदर्शिता का ध्यान रखा जाता है। इस प्रक्रिया में बीएमसी के अधिकारी, बैंक ऑफ महाराष्ट्र के प्रतिनिधि और ट्रस्ट के सदस्य मौजूद रहते हैं। नकद चढ़ावे को सीधे बैंक खाते में जमा कराया जाता है।
ट्रस्ट के मुताबिक, दान से प्राप्त रकम और चढ़ावे में मिले आभूषणों का इस्तेमाल सालभर गरीबों के इलाज, बच्चों की शिक्षा और समाजसेवा से जुड़े कार्यों में किया जाता है। इस साल 10 दिनों तक चलने वाला गणेशोत्सव 14 सितंबर से शुरू हुआ है और 25 सितंबर तक चलेगा।