दो दिन में 200 करोड़ पार, रजनीकांत की ‘जेलर 2’ का दुनियाभर में जलवा, 1000 करोड़ की ओर बढ़ी फिल्म

रजनीकांत की फिल्म ‘जेलर 2’ ने रिलीज के महज दो दिनों में वर्ल्डवाइड 209.10 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है। भारत के साथ विदेशों में भी फिल्म को शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है।

Knews Desk – साउथ सुपरस्टार रजनीकांत का जलवा एक बार फिर बॉक्स ऑफिस पर देखने को मिल रहा है। दुनियाभर में उनके करोड़ों फैंस हैं, जो उनकी फिल्मों का बेसब्री से इंतजार करते हैं। साल 2026 में उनकी फिल्म ‘जेलर 2’ सिनेमाघरों में दस्तक दे चुकी है और दर्शकों के बीच इसे लेकर जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है। फिल्म का पहला पार्ट भी सुपरहिट रहा था और अब दूसरे पार्ट की कमाई ने भी सबका ध्यान खींच लिया है।

खास बात यह है कि फिल्म भारत के साथ-साथ विदेशी बाजारों में भी शानदार प्रदर्शन कर रही है। रिलीज के महज दो दिनों में फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 200 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है। इस कमाई के साथ फिल्म अपने अनुमानित बजट के करीब पहुंचती नजर आ रही है। सिनेमाघरों में पहले से मौजूद फिल्मों के बीच ‘जेलर 2’ का दबदबा देखने को मिल रहा है।

दो दिनों में ‘जेलर 2’ ने कितनी कमाई की?

सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, रजनीकांत की ‘जेलर 2’ ने रिलीज के पहले दिन भारत में 59.70 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था। वहीं, दूसरे दिन फिल्म ने 35.60 करोड़ रुपये की कमाई की। इस तरह फिल्म का दो दिनों का कुल भारतीय नेट कलेक्शन 95.30 करोड़ रुपये हो गया है।

ग्रॉस कलेक्शन की बात करें तो फिल्म ने भारत में दो दिनों में 112.10 करोड़ रुपये का कारोबार किया है। वहीं, विदेशों में भी फिल्म का प्रदर्शन शानदार रहा है। रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म का दो दिनों का ओवरसीज कलेक्शन 97 करोड़ रुपये रहा है। भारत और विदेशों की कमाई को मिलाकर ‘जेलर 2’ का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 209.10 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।

फिल्म को तमिल भाषा में सबसे ज्यादा फायदा मिल रहा है। इसके अलावा हिंदी और तेलुगू में भी इसे अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। विदेशी बाजारों से मिल रहे शानदार रिस्पॉन्स ने फिल्म की कमाई को और मजबूती दी है। अब सभी की नजरें शनिवार और रविवार के कलेक्शन पर टिकी हैं।

क्या 1000 करोड़ के क्लब में शामिल होगी ‘जेलर 2’?

‘जेलर 2’ का निर्देशन नेल्सन दिलीपकुमार ने किया है। फिल्म के पहले पार्ट ने 600 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन किया था। अब दूसरे पार्ट की शुरुआती कमाई ने भी बड़ी उम्मीदें जगा दी हैं।

फिल्म ने महज दो दिनों में दुनियाभर में 209.10 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया है। अगर यह अपनी कमाई की रफ्तार आने वाले दिनों में भी बरकरार रखती है, तो 1000 करोड़ रुपये के आंकड़े तक पहुंचने की संभावना बढ़ सकती है। हालांकि, फिल्म इस मुकाम तक पहुंचेगी या नहीं, यह आने वाले दिनों के बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन पर निर्भर करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *