KNEWS DESK – Aly Goni ने हाल ही में अपने फैंस के साथ एक बेहद खास और भावुक पल साझा किया, जिसने सोशल मीडिया पर सभी का दिल जीत लिया। टीवी के लोकप्रिय अभिनेता अली गोनी अक्सर अपने परिवार, खासकर अपने माता-पिता के साथ मजबूत रिश्ते को लेकर चर्चा में रहते हैं। इस बार उन्होंने बताया कि उनका बचपन का एक बड़ा सपना आखिरकार पूरा हो गया है।
अली गोनी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर कर बताया कि उनके माता-पिता हज यात्रा के लिए रवाना हो गए हैं। यह पल उनके लिए सिर्फ खुशी का नहीं, बल्कि बेहद इमोशनल भी था। पोस्ट में उनके माता-पिता सफर के लिए तैयार नजर आ रहे हैं और अली ने इस मौके पर दिल छू लेने वाला नोट भी लिखा।
उन्होंने कैप्शन में लिखा—“आज मेरे लिए बहुत इमोशनल दिन है। उन्हें दुआ में हाथ उठाते देखने से लेकर… उन्हें हज की पुकार का जवाब देते देखने तक, ये उनका सपना था और ये मेरा भी सपना था। बचपन में मैं अक्सर इस दिन की कल्पना करता था कि मेरे माता-पिता हज पर जा रहे हैं, उनके दिलों में सुकून है और होंठों पर दुआएं। आज वो सपना हकीकत बन गया।”
अली ने आगे लिखा—“या अल्लाह, उनकी इस इबादत को कुबूल फरमा। हर चीज के लिए अल्हम्दुलिल्लाह।”
उनकी इस पोस्ट के सामने आते ही फैंस और करीबी दोस्तों ने कमेंट सेक्शन में बधाइयों की बौछार कर दी। लोग अली और उनके माता-पिता के लिए दुआएं कर रहे हैं। कई फैंस ने इसे बेहद खूबसूरत और प्रेरणादायक पल बताया।
32 वर्षीय अली गोनी अपने माता-पिता के बेहद करीब हैं और अक्सर उनके साथ तस्वीरें और खास पलों को सोशल मीडिया पर शेयर करते रहते हैं। फैंस भी उनके इस पारिवारिक और भावुक पक्ष को काफी पसंद करते हैं।
https://www.instagram.com/p/DX1YagFE4-9/?
वर्कफ्रंट की बात करें तो अली गोनी जल्द ही Khatron Ke Khiladi सीजन 15 में नजर आ सकते हैं। हाल ही में उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर इस ओर इशारा भी किया था। इससे पहले वह ‘खतरों के खिलाड़ी’ सीजन 9 और ‘खतरों के खिलाड़ी: मेड इन इंडिया’ में भी हिस्सा ले चुके हैं।