मां बनने के एक महीने बाद सुरभि ज्योति ने रिवील किया बेटी का नाम, पहली झलक ने जीता दिल

KNEWS DESK – टीवी की लोकप्रिय अभिनेत्री और ‘नागिन’ फेम सुरभि ज्योति इन दिनों अपनी जिंदगी के नए और खूबसूरत दौर का आनंद ले रही हैं। हाल ही में मां बनीं सुरभि ने पहली बार अपनी बेटी की झलक फैंस के साथ साझा की है। इसके साथ ही उन्होंने अपनी लाडली का नाम भी रिवील किया, जिसे जानने का इंतजार उनके फैंस लंबे समय से कर रहे थे।

सुरभि ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट शेयर करते हुए अपनी बेटी के नाम का अर्थ भी बताया। उनकी इस पोस्ट पर फैंस के साथ-साथ टीवी इंडस्ट्री के कई सितारे भी प्यार बरसा रहे हैं।

बेटी का रखा बेहद खास नाम

सुरभि ज्योति और उनके पति सुमित सूरी शादी के करीब दो साल बाद माता-पिता बने हैं। 13 जून को कपल ने अपनी बेटी के जन्म की खुशखबरी फैंस के साथ साझा की थी। अब बेटी के जन्म के एक महीने बाद सुरभि ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर करते हुए बताया कि उन्होंने अपनी बेटी का नाम ‘सहर’ रखा है।

पोस्ट के साथ उन्होंने लिखा, “॥ ॐ ॥ Seher | सहर। सुबह की पहली किरण की तरह, तुम आईं और हमारी दुनिया रोशन कर दी।”

https://www.instagram.com/p/DauQykgzjEh/

पहली झलक ने जीता फैंस का दिल

सुरभि ने पोस्ट में अपनी बेटी का चेहरा नहीं दिखाया, लेकिन उसकी एक प्यारी सी झलक जरूर साझा की। तस्वीर में नन्ही ‘सहर’ का हाथ दिखाई दे रहा है, जिसमें वह खूबसूरत ऑर्किड फूल पकड़े हुए नजर आ रही है।

इस सादगी भरी तस्वीर ने फैंस का दिल जीत लिया और सोशल मीडिया पर लोग इस पोस्ट पर खूब प्यार लुटा रहे हैं।

क्या है ‘सहर’ नाम का मतलब?

‘सहर’ का अर्थ होता है सुबह की पहली किरण या भोर। यह नाम नई शुरुआत, उम्मीद और रोशनी का प्रतीक माना जाता है।

फैंस को यह नाम बेहद पसंद आ रहा है। कई लोगों ने कमेंट कर लिखा कि सुरभि और सुमित ने अपनी बेटी के लिए बेहद खूबसूरत और अर्थपूर्ण नाम चुना है।

सुरभि ज्योति की इस पोस्ट पर उनके चाहने वालों के अलावा टीवी इंडस्ट्री के कई कलाकारों ने भी प्रतिक्रिया दी। सभी ने कपल को माता-पिता बनने की बधाई दी और नन्ही ‘सहर’ के उज्ज्वल भविष्य और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की।