UPPSC में बड़ा बदलाव! अब सिर्फ ऑनलाइन आवेदन, DigiLocker से होगा डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन

KNEWS DESK- उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग यानी UPPSC भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल करने की दिशा में बड़ा बदलाव करने जा रहा है। आयोग अगले छह महीने के भीतर ऑफलाइन आवेदन की व्यवस्था खत्म कर केवल ऑनलाइन आवेदन स्वीकार करने की योजना बना रहा है। इसके साथ ही मुख्य परीक्षा के बाद अभ्यर्थियों के शैक्षणिक और अन्य जरूरी दस्तावेजों का वेरिफिकेशन भी ऑनलाइन किया जाएगा। इसके लिए DigiLocker में उपलब्ध दस्तावेजों का इस्तेमाल किया जाएगा।

इस बदलाव के बाद अभ्यर्थियों को मेंस परीक्षा के बाद अपने सर्टिफिकेट और अन्य दस्तावेजों की हार्डकॉपी आयोग के कार्यालय में जमा करने की जरूरत नहीं होगी। मोबाइल या लैपटॉप के जरिए आवेदन करने के साथ ही डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन की प्रक्रिया भी ऑनलाइन पूरी की जा सकेगी। इससे डाक के जरिए दस्तावेज भेजने में होने वाली देरी और उससे जुड़ी परेशानियों को कम करने की कोशिश की जाएगी।

अगले छह महीने में बदलेगी आवेदन व्यवस्था

UPPSC के अध्यक्ष संजय श्रीनेत ने 21 नवंबर को अपना कार्यकाल पूरा होने से पहले अनौपचारिक बातचीत में भर्ती प्रक्रिया में किए जाने वाले इस बदलाव की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि फिलहाल मेंस परीक्षा के लिए आवेदन ऑनलाइन किया जाता है, लेकिन अभ्यर्थियों को आवेदन की हार्डकॉपी डाक के माध्यम से या खुद आयोग के कार्यालय में जाकर जमा करनी पड़ती है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद यह प्रक्रिया खत्म हो जाएगी। आयोग की योजना है कि अगले छह महीने में हाइब्रिड आवेदन व्यवस्था को समाप्त करके सभी भर्तियों के लिए केवल ऑनलाइन आवेदन स्वीकार किए जाएं।

डाक से आवेदन पहुंचने की परेशानी होगी खत्म

मौजूदा व्यवस्था में कई बार अभ्यर्थियों की ओर से रजिस्टर्ड डाक के जरिए भेजे गए आवेदन तय समयसीमा के बाद आयोग तक पहुंचते हैं। ऐसी स्थिति में अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया से बाहर होना पड़ सकता है। इस तरह के कई मामले हाईकोर्ट तक भी पहुंचे हैं और सैकड़ों प्रकरण लंबित बताए गए हैं। ऑफलाइन आवेदन व्यवस्था खत्म होने के बाद अभ्यर्थियों को हार्डकॉपी भेजने की जरूरत नहीं होगी। वे मोबाइल या लैपटॉप से आवेदन कर सकेंगे। इससे आवेदन आयोग तक पहुंचने में डाक से जुड़ी देरी की समस्या भी समाप्त हो जाएगी।

DigiLocker से होगा डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन

नई व्यवस्था में मुख्य परीक्षा के बाद अभ्यर्थियों के एजुकेशनल और अन्य जरूरी सर्टिफिकेट्स का ऑनलाइन वेरिफिकेशन किया जाएगा। इसके लिए DigiLocker में उपलब्ध दस्तावेजों का इस्तेमाल किया जाएगा। इससे अभ्यर्थियों को अपने दस्तावेजों की हार्डकॉपी लेकर आयोग के कार्यालय जाने की जरूरत नहीं होगी। आयोग डिजिटल माध्यम से उपलब्ध प्रमाणपत्रों के आधार पर डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन की प्रक्रिया पूरी करेगा।

OTR से पहले ही आसान हो चुकी है प्रक्रिया

UPPSC पहले ही वन टाइम रजिस्ट्रेशन यानी OTR की सुविधा लागू कर चुका है। इसके जरिए अभ्यर्थियों को प्रत्येक भर्ती के लिए अपनी व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी बार-बार दर्ज करने की जरूरत नहीं पड़ती।

अब ऑनलाइन आवेदन के साथ डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन की प्रक्रिया भी डिजिटल होने से भर्ती प्रक्रिया को और आसान बनाने की तैयारी है। आयोग का यह बदलाव अभ्यर्थियों के लिए आवेदन से लेकर दस्तावेजों के सत्यापन तक की प्रक्रिया को घर बैठे पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *