कश्मीर घाटी में स्थानीय आतंकियों के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। दक्षिण कश्मीर के कुलगाम में लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर मोहम्मद लतीफ भट के मारे जाने के बाद सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक घाटी में अब कोई सक्रिय स्थानीय आतंकी नहीं बचा है। इसके बाद सुरक्षा बलों का फोकस जम्मू संभाग के पहाड़ी और जंगल वाले इलाकों में सक्रिय स्थानीय आतंकियों पर है।
जम्मू में चार स्थानीय आतंकी वांटेड
खुफिया सूचनाओं के मुताबिक जम्मू संभाग में करीब चार स्थानीय आतंकियों की तलाश लंबे समय से की जा रही है। इनमें कठुआ जिले के बिलावर-मल्हार इलाके का निक्कू और किश्तवाड़ में सक्रिय तीन आतंकी शामिल हैं। किश्तवाड़ के इन तीनों आतंकियों का संबंध हिजबुल मुजाहिदीन से बताया जाता है। इनमें मोहम्मद अमीन उर्फ जहांगीर सरूरी, रियाज अहमद उर्फ हजारी और मुदस्सिर हुसैन के नाम शामिल हैं।
निक्कू सुरक्षा एजेंसियों के लिए बड़ी चुनौती
निक्कू कठुआ के बिलावर इलाके का रहने वाला बताया जाता है और उसे क्षेत्र के पहाड़ी रास्तों तथा जंगलों की अच्छी जानकारी है। खुफिया जानकारी के अनुसार वह पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर में रहने के बाद 2023 में जम्मू-कश्मीर लौटा था। पिछले करीब ढाई साल से कठुआ और उधमपुर के इलाकों में सक्रिय बताए जा रहे निक्कू पर 8 जुलाई 2024 के कठुआ बदनौता हमले में शामिल होने का आरोप है, जिसमें सेना के पांच जवान शहीद हुए थे।
तीन दशक से एजेंसियों को चकमा दे रहा सरूरी
किश्तवाड़ का जहांगीर सरूरी हिजबुल मुजाहिदीन का लंबे समय से सक्रिय कमांडर बताया जाता है। सार्वजनिक रिपोर्टों के मुताबिक वह 1992 के आसपास आतंकी गतिविधियों में शामिल हुआ था। नवंबर 2018 में बीजेपी नेता अनिल परिहार और उनके भाई अजीत परिहार की हत्या तथा अप्रैल 2019 में आरएसएस नेता चंद्रकांत शर्मा और उनके सुरक्षाकर्मी की हत्या के मामलों में भी उसका नाम सामने आया था।
रियाज अहमद 2012 में हिजबुल से जुड़ा था, जबकि मुदस्सिर हुसैन 2018 में सरूरी के ग्रुप में शामिल हुआ था। तीनों सुरक्षा एजेंसियों की वांटेड सूची में हैं