Knews Desk- मध्यप्रदेश के चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में एक भावुक कर देने वाला मोड़ सामने आया है। भोपाल में अंतिम संस्कार के बाद अब ट्विशा की अस्थियों को हरिद्वार और ऋषिकेश ले जाया गया, जहां परिवार ने पूरे विधि-विधान के साथ उनका विसर्जन किया। इस दौरान परिवार के सदस्यों की आंखें नम नजर आईं और माहौल बेहद गमगीन रहा।
जानकारी के मुताबिक, ट्विशा शर्मा का अंतिम संस्कार भोपाल के भदभदा घाट पर किया गया था। इसके बाद परिजन अस्थियां लेकर ऋषिकेश पहुंचे। गंगा घाट पर पंडितों की मौजूदगी में धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ अस्थि विसर्जन किया गया। परिवार के लोगों ने बेटी को नम आंखों से अंतिम विदाई दी।

ट्विशा की मौत ने पूरे देश में चर्चा छेड़ दी है। 12 मई को भोपाल स्थित ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में उनकी मौत हुई थी। परिवार ने पति समर्थ सिंह और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले में दहेज प्रताड़ना और हत्या के एंगल से जांच की जा रही है।
इस केस में लगातार नए खुलासे सामने आ रहे हैं। सुप्रीम कोर्ट ने भी मामले का स्वतः संज्ञान लिया है और जांच CBI को सौंपे जाने की बात सामने आई है। वहीं पीड़ित परिवार लगातार निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहा है।
अस्थि विसर्जन के दौरान परिवार के करीबी लोगों ने कहा कि ट्विशा बेहद खुशमिजाज और महत्वाकांक्षी लड़की थी। परिवार को अब सिर्फ न्याय का इंतजार है। इस पूरे घटनाक्रम ने लोगों को भावुक कर दिया है और सोशल मीडिया पर भी ट्विशा को न्याय दिलाने की मांग लगातार उठ रही है।