Knews Desk– भोपाल के चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में आज एक भावुक मोड़ सामने आया। परिवार ने तय किया है कि ट्विशा शर्मा का अंतिम संस्कार रविवार शाम 5 बजे भोपाल के भदभदा शमशान घाट में किया जाएगा। यह जानकारी ट्विशा के भाई हर्षित शर्मा ने मीडिया को दी।

दरअसल, हाई कोर्ट के आदेश के बाद ट्विशा के शव का दोबारा पोस्टमार्टम कराया गया था। AIIMS दिल्ली के डॉक्टरों की टीम ने भोपाल पहुंचकर मेडिकल बोर्ड की निगरानी में री-पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की। परिवार लंबे समय से पहली पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर सवाल उठा रहा था और निष्पक्ष जांच की मांग कर रहा था।
री-पोस्टमार्टम के बाद अब परिवार ने अंतिम संस्कार का फैसला लिया है। बताया जा रहा है कि शाम 5 बजे भदभदा शमशान घाट पर अंतिम संस्कार किया जाएगा, जहां बड़ी संख्या में रिश्तेदार, परिचित और समर्थक मौजूद रह सकते हैं। ट्विशा शर्मा की मौत ने पूरे प्रदेश में हलचल मचा दी है। सोशल मीडिया पर भी लोग लगातार न्याय की मांग कर रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ इस मामले में ट्विशा के पति समर्थ सिंह से SIT लगातार पूछताछ कर रही है। पुलिस मोबाइल चैट, कॉल रिकॉर्ड और अन्य सबूतों के आधार पर मामले की जांच में जुटी हुई है।
परिवार का कहना है कि उन्हें उम्मीद है कि जांच में पूरी सच्चाई सामने आएगी और ट्विशा को इंसाफ मिलेगा। फिलहाल पूरे मामले पर लोगों की नजर बनी हुई है।