पत्नी को लेने ससुराल पहुंचा था दामाद, सुबह मक्का के खेत में मिला शव; ससुर पर हत्या का आरोप

झारखंड के पलामू में पत्नी को लेने ससुराल पहुंचे एक युवक का शव अगले दिन मक्का के खेत में मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक के परिजनों ने उसके ससुर पर हत्या का आरोप लगाया है। घटना के बाद से आरोपी ससुर फरार बताया जा रहा है।

Knews Desk- झारखंड के पलामू जिले में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। छतरपुर थाना क्षेत्र के भीखही गांव में रविवार सुबह मक्का के खेत से एक युवक का शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान बभनडीह गांव निवासी गांधी भुइयां के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गांधी अपनी पत्नी को ससुराल से वापस घर ले जाने के लिए शनिवार शाम भीखही गांव आया था।

जानकारी के मुताबिक, पत्नी को घर ले जाने को लेकर गांधी भुइयां का अपने ससुर जगदेव भुइयां के साथ विवाद हो गया था। आरोप है कि विवाद के बाद जगदेव ने कथित तौर पर गांधी की हत्या कर दी और शव को मक्का के खेत में फेंक दिया। घटना के बाद से जगदेव भुइयां के फरार होने की बात सामने आ रही है।

रविवार सुबह ग्रामीणों ने मक्का के खेत में गांधी का शव पड़ा देखा। इसके बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया और मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही छतरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार बताए जा रहे जगदेव भुइयां की तलाश की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है। फिलहाल पुलिस विवाद, हत्या और शव को खेत में फेंके जाने से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *