रसेल वाइपर ने 16 साल की छात्रा को डसा, सांप को डिब्बे में बंद कर अस्पताल पहुंचे परिजन

बिहार के भागलपुर में चप्पल पहनते वक्त छात्रा के पैर में जहरीले सांप ने डस लिया. परिजनों ने सांप को पकड़कर डिब्बे में बंद किया और उसकी पहचान के लिए अस्पताल भी ले गए. इलाज के बाद छात्रा की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है.

Knews Desk- बिहार के भागलपुर जिले में जहरीले रसेल वाइपर के काटने से 16 वर्षीय छात्रा घायल हो गई. घटना नवगछिया अनुमंडल के रंगरा थाना क्षेत्र स्थित ज्ञानी दास टोला की है. छात्रा की पहचान अंशु कुमारी के रूप में हुई है. सांप के डसने के बाद परिजन उसे तुरंत नवगछिया अनुमंडल अस्पताल लेकर पहुंचे. खास बात यह रही कि परिजन उस सांप को भी पकड़कर एक डिब्बे में बंद करके अस्पताल ले आए.

जानकारी के मुताबिक, शनिवार तड़के करीब चार बजे अंशु शौचालय जाने के लिए चप्पल पहन रही थी. इसी दौरान चप्पल के पास छिपे सांप ने उसके पैर में काट लिया. सांप के डसते ही छात्रा ने शोर मचाया, जिसके बाद परिवार के लोग वहां पहुंचे.

सांप को पकड़कर अस्पताल ले गए परिजन

घटना के बाद परिजनों ने सांप को पकड़ लिया और सावधानी से एक डिब्बे में बंद कर दिया. इसके बाद छात्रा के साथ उसे भी अस्पताल पहुंचाया गया. परिजनों का कहना था कि सांप की पहचान होने से डॉक्टरों को इलाज में मदद मिल सकती है. अस्पताल परिसर में सांप को देखने के लिए लोगों की भीड़ भी जमा हो गई.

मामले की जानकारी वन विभाग को भी दी गई है.

छात्रा को एंटी-स्नेक वेनम की डोज

अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने तुरंत छात्रा का इलाज शुरू किया. चिकित्सकों के अनुसार, अंशु को अब तक एंटी-स्नेक वेनम की 26 डोज दी जा चुकी हैं. फिलहाल उसकी हालत ठीक बताई जा रही है, हालांकि जहरीले सांप के काटने के कारण डॉक्टर उसे लगातार निगरानी में रख रहे हैं.

परिजनों की सतर्कता के कारण सांप की पहचान करना भी संभव हो सका, जिससे चिकित्सकों को उपचार में मदद मिली.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *