बांग्लादेश में हिंदू परिवार के 4 लोगों की संदिग्ध मौत, बंद घर में मिले शव; मचा हड़कंप

KNEW DESK- बांग्लादेश के रंगपुर शहर में एक हिंदू परिवार के चार सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। एक ही परिवार के सभी चार लोगों के शव उनके बंद घर से बरामद किए गए। मृतकों में एक सेवानिवृत्त शिक्षक, उनकी पत्नी, 23 वर्षीय बेटी और 12 वर्षीय बेटा शामिल हैं। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि चारों की मौत कैसे हुई और इसके पीछे क्या वजह थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, यह घटना रंगपुर शहर के दासपारा यानी मछुआपारा इलाके की है। शनिवार रात करीब 11:30 बजे पुलिस को एक घर के अंदर चार लोगों के शव होने की सूचना मिली। घर बाहर से बंद था। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुई। घर के अलग-अलग हिस्सों से चारों के शव बरामद किए गए।

मृतकों की पहचान 65 वर्षीय गणपति चक्रवर्ती, उनकी पत्नी 50 वर्षीय प्रीतिलता चक्रवर्ती, 23 वर्षीय बेटी आगामी चक्रवर्ती प्रार्थी और 12 वर्षीय बेटे प्रियम चक्रवर्ती के तौर पर हुई है। गणपति रंगपुर जिला स्कूल में शिक्षक थे और पिछले साल 31 दिसंबर को सेवानिवृत्त हुए थे। बताया गया है कि रिटायरमेंट के बाद वह होम्योपैथिक चिकित्सक के रूप में भी काम कर रहे थे।

बेटी ने हाल ही में पूरी की थी पढ़ाई

परिवार के सदस्यों के मुताबिक, गणपति की बेटी आगामी ने इसी साल अंग्रेजी विषय में स्नातकोत्तर की पढ़ाई पूरी की थी। वहीं उनका 12 वर्षीय बेटा प्रियम कक्षा पांच में पढ़ता था। परिवार के लोगों का कहना है कि उनके बारे में किसी तरह की दुश्मनी या विवाद की जानकारी नहीं थी।

इस घटना के सामने आने के बाद परिवार के रिश्तेदारों ने भी कई सवाल उठाए हैं। मृतक प्रीतिलता की छोटी बहन पूजा चक्रवर्ती ने बताया कि उन्होंने अपनी बहन से आखिरी बार गुरुवार दोपहर बात की थी। इसके बाद परिवार के सभी सदस्यों के मोबाइल फोन गुरुवार रात से बंद हो गए थे।

पूजा के मुताबिक, शनिवार रात तक जब किसी से संपर्क नहीं हुआ तो परिवार के लोग दासपारा स्थित घर पहुंचे। वहां मुख्य दरवाजा बंद था और घर के अंदर की सभी लाइटें भी बंद थीं। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस के पहुंचने पर घर का ताला तोड़ा गया और अंदर चारों के शव बरामद हुए।

अलग-अलग जगहों पर मिले शव

रंगपुर मेट्रोपॉलिटन CID के प्रभारी सुबीर चौधरी के मुताबिक, परिवार के सदस्यों के शव घर में अलग-अलग स्थानों से बरामद हुए। मां प्रीतिलता और बेटी आगामी के शव सीढ़ियों के पास मिले, जबकि गणपति का शव छत पर बरामद हुआ। वहीं 12 वर्षीय प्रियम का शव बिस्तर के नीचे मिला।

शवों के अलग-अलग जगहों पर मिलने से मामले की परिस्थितियां और भी संदिग्ध हो गई हैं। हालांकि, पुलिस ने अभी तक हत्या, आत्महत्या या किसी अन्य वजह को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं दिया है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

रिश्तेदारों ने जताई हैरानी

गणपति की भतीजी सोमा चक्रवर्ती ने बताया कि गुरुवार दोपहर को उनकी अपने चाचा से आखिरी बार बातचीत हुई थी। शनिवार रात परिवार के चारों सदस्यों की मौत की खबर मिलने के बाद वह तुरंत उनके घर पहुंचीं। उन्होंने कहा कि गणपति का किसी से कोई विवाद या दुश्मनी नहीं थी।

परिवार के लोगों के मुताबिक, गणपति ने दासपारा में नया घर बनवाया था और सेवानिवृत्ति के बाद वहीं रह रहे थे। ऐसे में पूरे परिवार की एक साथ संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने रिश्तेदारों को भी हैरान कर दिया है।

पुलिस और फोरेंसिक टीम कर रही जांच

रंगपुर मेट्रोपॉलिटन कोतवाली पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। पुलिस घर के अंदर और आसपास की परिस्थितियों की जांच कर रही है। साथ ही परिवार के मोबाइल फोन बंद होने के समय, आखिरी संपर्क और घटनाक्रम से जुड़े अन्य सुरागों की भी पड़ताल की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही चारों की मौत की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी। फिलहाल इस मामले में किसी आरोपी की गिरफ्तारी की जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस परिवार के परिचितों, रिश्तेदारों और घटनास्थल से मिले सबूतों के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *