10 दिखाया, 16 गटकाया… कन्नौज गोल्ड स्मगलिंग केस में अखिलेश यादव का बड़ा आरोप

KNEWS DESK- उत्तर प्रदेश के कन्नौज में करीब 10 किलो सोने के बिस्किट बरामद होने के मामले ने अब सियासी रंग ले लिया है। समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए यूपी पुलिस और भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने तंज कसते हुए लिखा, “10 दिखाया, 16 गटकाया… भाजपा की पुलिस की माया।” अखिलेश का दावा है कि पुलिस ने कथित तौर पर 26 सोने के बिस्किट बरामद किए थे, लेकिन आधिकारिक तौर पर केवल 10 बिस्किट दिखाए गए।

अखिलेश यादव ने अपनी पोस्ट में आरोप लगाया कि लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर तालग्राम इलाके में पुलिस की गाड़ी से एक कार की टक्कर के बाद सोने की तस्करी का खुलासा हुआ। उनके मुताबिक, पुलिस ने कार का पीछा कर उसे रोका और तलाशी के दौरान 1-1 किलो के 26 सोने के बिस्किट बरामद किए। हालांकि, पुलिस की ओर से केवल 10 किलो सोना बरामद किए जाने की बात कही गई।

पूर्व मुख्यमंत्री ने यह भी आशंका जताई कि कहीं बरामद सोने को सरकारी रिकॉर्ड में पीली धातु बताकर बाद में उसके साथ हेरफेर न किया जाए। उन्होंने इस पूरे मामले को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए इसे ‘डबल इंजन का डबल गोरखधंधा’ करार दिया।

पुलिस ने क्या बताया?

कन्नौज के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार के मुताबिक, शनिवार को तालग्राम पुलिस की टीम चेकिंग और कांवड़ ड्यूटी से लौट रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर एक कार पुलिस वाहन से टकरा गई है। मौके पर पहुंची पुलिस को कार में दो लोग मिले। उनकी पहचान महाराजगंज निवासी संदीप जायसवाल (29) और नेपाल के सरोज पंत (33) के रूप में हुई। कार की तलाशी लेने पर पुलिस को एक बैग मिला, जिसमें पीले रंग की धातु के 10 बिस्किट थे। दोनों आरोपी सोने से जुड़े वैध दस्तावेज, बिल या लाइसेंस पेश नहीं कर सके।

15 करोड़ से ज्यादा का सोना बरामद

पुलिस ने सोने की शुद्धता और कीमत की जांच के लिए SBI के गोल्ड इवैल्यूएटर को बुलाया। जांच में बरामद धातु 24 कैरेट सोना निकला, जिसका कुल वजन 10.026 किलोग्राम बताया गया। इसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 15.39 करोड़ रुपये है। मामले में एक आरोपी के नेपाली नागरिक होने के कारण अंतरराष्ट्रीय तस्करी की आशंका भी जताई गई है। GST अधिकारियों की पूछताछ के बाद कस्टम विभाग को जांच की सिफारिश की गई है। वहीं, अखिलेश यादव के आरोपों के बाद बरामद सोने की संख्या को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *