Knews Desk- गोरखपुर में 1.40 करोड़ रुपये की कथित ठगी से परेशान 52 वर्षीय पशु चिकित्सक ने अपने अपार्टमेंट की 8वीं मंजिल से छलांग लगाकर जान दे दी। पुलिस को उनकी जेब से एक पन्ने का सुसाइड नोट मिला है, जिसमें एक महिला को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार बताया गया है।
मृतक की पहचान परमात्मा सिंह के रूप में हुई है। वह मूल रूप से मऊ के रहने वाले थे और वर्तमान में महराजगंज के नौतनवा में पशु चिकित्सक के पद पर तैनात थे। वह गोरखपुर के गोरखनाथ थाना क्षेत्र स्थित राजेंद्र नगर की बसंत एन्क्लेव सोसाइटी में पत्नी, बेटे और बेटी के साथ रहते थे।
घटना गुरुवार सुबह करीब 9 बजे की बताई जा रही है। परिजनों के अनुसार, डॉक्टर ने सुबह सामान्य रूप से खाना खाया और इसके बाद टहलने के लिए अपार्टमेंट की 8वीं मंजिल पर चले गए। कुछ देर बाद उन्होंने वहां से छलांग लगा दी।
अचानक तेज आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। उनकी पत्नी उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर गईं, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
1.40 करोड़ की ठगी का आरोप
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि डॉक्टर परमात्मा सिंह कथित तौर पर 1.40 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के बाद काफी तनाव में थे। आरोप है कि सहजनवां रेलवे स्टेशन के अधीक्षक ध्रुव नारायण सिंह, उनकी बेटी गरिमा सिंह और गरिमा के पति ने मिलकर डॉक्टर से यह रकम ठगी।
बताया जा रहा है कि पैसे वापस मांगने पर डॉक्टर को कथित तौर पर धमकियां भी दी जाती थीं। इसी मामले में डॉक्टर ने 5 अगस्त को गोरखपुर के एम्स थाने में तीनों के खिलाफ धोखाधड़ी और रंगदारी का मुकदमा दर्ज कराया था।
मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गरिमा सिंह और उसके पिता ध्रुव नारायण सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। हालांकि, परिजनों के मुताबिक डॉक्टर इस घटना के बाद मानसिक रूप से काफी परेशान थे।
जेब से मिला एक पन्ने का सुसाइड नोट
घटना की सूचना मिलने पर गोरखनाथ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। तलाशी के दौरान डॉक्टर की जेब से एक पन्ने का सुसाइड नोट बरामद हुआ।
पुलिस के अनुसार, नोट में गरिमा सिंह को डॉक्टर ने अपनी मौत के लिए जिम्मेदार बताया है। पुलिस ने नोट को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद डॉक्टर के माता-पिता भी मऊ से गोरखपुर पहुंचे। बेटे की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस अब सुसाइड नोट और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।