मुजफ्फरनगर में युवती की मौत पर उठे सवाल, अंतिम संस्कार से पहले पुलिस ने शव लिया कब्जे में

Knews Desk – उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में 19 वर्षीय युवती की मौत को लेकर पुलिस जांच में जुटी है। रविवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि एक युवती की हत्या के बाद उसके शव को अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवयात्रा को बीच रास्ते में रोककर शव को कब्जे में ले लिया।

पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही युवती की मौत की असली वजह स्पष्ट होने की बात पुलिस ने कही है।

प्रेम प्रसंग को लेकर उठे गंभीर आरोप

मामला मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र के शाहडाबर गांव का है। मृत युवती की पहचान 19 वर्षीय तन्नू के रूप में हुई है। सामने आई जानकारी के मुताबिक, युवती का गांव में ही प्रेम प्रसंग था।

परिजनों पर आरोप है कि प्रेम प्रसंग के चलते युवती को जहरीला पदार्थ खिलाकर उसकी जान ले ली गई और आनन-फानन में अंतिम संस्कार की तैयारी की गई। हालांकि, इन आरोपों की अभी पुलिस जांच कर रही है और मौत की वजह की आधिकारिक पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही होगी।

पुलिस ने आत्महत्या की बात भी बताई

सीओ बुढ़ाना राधा रमण सिंह के मुताबिक, पुलिस कंट्रोल रूम 112 पर सूचना मिली थी कि शाहडाबर में रहने वाली तनु पुत्री नीतू कश्यप की हत्या कर दी गई है और शव को श्मशान ले जाया जा रहा है।

पुलिस टीम मौके पर पहुंची और परिजनों से पूछताछ की। पूछताछ में परिजनों ने बताया कि युवती ने खुद जहर खाकर आत्महत्या की है। पुलिस के मुताबिक, प्रथमदृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन ऑनर किलिंग की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता।

पुलिस अब मामले की जांच आत्महत्या और हत्या दोनों एंगल से कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद युवती की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *