चार्जिंग के दौरान EV में हुई स्पार्किंग से भड़की आग, कई गाड़ियां जलकर खाक; मुख्यमंत्री योगी ने लिया घटना का संज्ञान
Knews Desk- नोएडा के सेक्टर-66 स्थित ममूरा गांव में बुधवार को इलेक्ट्रिक स्कूटर में आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। चार्जिंग के दौरान इलेक्ट्रिक बाइक में स्पार्किंग होने के बाद आग ने विकराल रूप ले लिया। देखते ही देखते आग पार्किंग में खड़ी दूसरी गाड़ियों तक फैल गई। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 100 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
जानकारी के मुताबिक, आग रिहायशी बिल्डिंग की पहली मंजिल पर बनी पार्किंग में खड़े एक इलेक्ट्रिक स्कूटर से शुरू हुई। बताया जा रहा है कि स्कूटर चार्जिंग पर लगा हुआ था, तभी अचानक स्पार्किंग हुई और उसमें आग लग गई। कुछ ही समय में आग ने आसपास खड़े कई अन्य वाहनों को भी अपनी चपेट में ले लिया।
धुएं से बिल्डिंग में मची अफरा-तफरी
आग लगने के बाद बड़ी मात्रा में धुआं निकलने लगा, जो बिल्डिंग की ऊपरी मंजिलों तक पहुंच गया। धुएं के कारण वहां रहने वाले लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और राहत अभियान शुरू किया।
100 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित निकाला गया
नोएडा पुलिस के अधिकारियों के अनुसार, रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान 100 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। कुछ लोगों को धुएं के कारण परेशानी हुई, जिन्हें एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में दो लोगों की जान चली गई।
सीएम योगी ने दिए राहत कार्य तेज करने के निर्देश
घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले का संज्ञान लिया। उन्होंने अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए। साथ ही घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने और पूरे मामले की लगातार निगरानी करने को कहा।
लापरवाही के आरोप में कार्रवाई शुरू
पुलिस ने इस मामले में बिल्डिंग के लीजहोल्डर और ऑपरेटर के खिलाफ लापरवाही से जुड़े मामलों में केस दर्ज कर लिया है। दोनों को हिरासत में लेकर आगे की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि हादसे के कारणों की विस्तृत जांच जारी है।