Knews Desk– महाराष्ट्र के ठाणे जिले से एक बेहद सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है. मेरठ के चर्चित “नीले ड्रम कांड” के बाद अब “हरे ड्रम कांड” ने लोगों को दहला दिया है. इस मामले में एक युवक की हत्या कर उसकी लाश ड्रम में भरकर नाले में फेंक दी गई. पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि हत्या के पीछे प्रेम संबंध, साजिश और पैसों का विवाद था.
मृतक की पहचान अरबाज खान के रूप में हुई है, जो ठाणे के मुंब्रा इलाके का रहने वाला था. 3 अप्रैल को अरबाज घर से यह कहकर निकला था कि वह दादर काम के पैसे लेने जा रहा है, लेकिन उसके बाद वह वापस नहीं लौटा. परिवार ने काफी तलाश की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो उसके पिता ने पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई.

पुलिस ने जांच शुरू की और कॉल डिटेल रिकॉर्ड व मोबाइल लोकेशन की मदद से मामले की तह तक पहुंची. जांच में पता चला कि अरबाज की आखिरी लोकेशन वसई इलाके में थी. इसी दौरान पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि उसकी प्रेमिका मेहजबीन शेख की लोकेशन भी उसी दिन उसी इलाके में मौजूद थी. इसके बाद पुलिस का शक गहराया और मेहजबीन से पूछताछ की गई.
पूछताछ में जो सच सामने आया, उसने सभी को चौंका दिया. पुलिस के मुताबिक, मेहजबीन शादीशुदा थी और उसका अरबाज के साथ प्रेम संबंध था. इस रिश्ते की भनक उसके पति हसन को लग चुकी थी, जिससे दोनों के बीच तनाव बढ़ गया था. आरोप है कि मेहजबीन, उसके पति हसन, भाई तारिक शेख और उसके दोस्त मुआजम पठान ने मिलकर अरबाज को वसई बुलाया. पहले उससे पैसों की मांग की गई और जब वह रकम नहीं दे पाया तो उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई.
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने अरबाज को प्लास्टिक पाइप से पीट-पीटकर मार डाला. हत्या के बाद शव को छिपाने के लिए एक बड़ा हरा ड्रम खरीदा गया और उसमें लाश भरकर वसई के एक नाले में फेंक दिया गया. करीब एक महीने बाद पुलिस ने मेहजबीन की निशानदेही पर नाले से ड्रम बरामद किया, जिसमें से सड़ी-गली हालत में अरबाज का शव मिला.
फिलहाल पुलिस ने मेहजबीन और उसके भाई तारिक शेख को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका पति हसन और उसका साथी मुआजम पठान फरार बताए जा रहे हैं. पुलिस दोनों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है. अधिकारियों के मुताबिक, मामले में फिरौती और आपराधिक साजिश के एंगल से भी जांच जारी है.