KnewsDesk- मध्य प्रदेश के जबलपुर में तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से एक महिला शिक्षक की मौत हो गई। हादसा संजीवनी नगर थाना क्षेत्र में पटेल स्वीट्स के पास हुआ। मृतका की पहचान स्थानीय निवासी अंजली गुप्ता के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर डंपर जब्त कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, अंजली गुप्ता स्कूल में शिक्षिका थीं और बच्चों को ट्यूशन भी पढ़ाती थीं। घटना वाली रात वह ट्यूशन पढ़ाने के बाद मंदिर में दर्शन करने गई थीं। रात करीब 10 से 10:30 बजे के बीच पूजा-अर्चना कर घर लौटते समय पटेल स्वीट्स के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार हाइवा ने उन्हें टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से अंजली सड़क पर गिर गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शी ने बताई हादसे की पूरी कहानी
प्रत्यक्षदर्शी रोहित सिंह ठाकुर के मुताबिक, हादसे के समय सड़क पर लोगों और वाहनों की आवाजाही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार हाइवा ने महिला को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने घायल महिला को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
एडिशनल एसपी आयुष जाखड़ ने बताया कि बिलौआ चौक और पटेल स्वीट्स के पास डंपर की टक्कर से महिला की मौत की सूचना मिली थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए डंपर जब्त कर लिया और चालक राकेश झारिया, निवासी माढ़ोताल, को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है। साथ ही, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं, ताकि हादसे की परिस्थितियों और चालक की लापरवाही का पता लगाया जा सके।
भारी वाहनों की रफ्तार पर उठे सवाल
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने शहर की व्यस्त सड़कों पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार को लेकर चिंता जताई। नागरिकों का कहना है कि भारी वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही से राहगीरों की सुरक्षा खतरे में पड़ रही है। उन्होंने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और लापरवाही से वाहन न चलाने की अपील की है।