होमगार्ड ने दबाए SDM के ड्राइवर के पैर, वीडियो वायरल होने पर अधिकारी ने बताई पूरी सच्चाई

Kanpur Home Guard Feet Massage: कानपुर के घाटमपुर में एक होमगार्ड द्वारा एसडीएम के ड्राइवर के पैर दबाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद सरकारी व्यवस्था और वर्दी की गरिमा को लेकर सवाल उठने लगे। हालांकि, एसडीएम ने पूरे मामले की अलग वजह बताई है।

Knews Desk- कानपुर के घाटमपुर में एक वीडियो ने प्रशासनिक महकमे में हलचल मचा दी है। वायरल वीडियो में एक होमगार्ड एक व्यक्ति के पैर दबाता हुआ नजर आ रहा है। सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि पैर दबाने वाला होमगार्ड एसडीएम के सरकारी आवास पर तैनात था और जिसके पैर दबाए जा रहे थे, वह एसडीएम का ड्राइवर है।

वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने सवाल उठाना शुरू कर दिया कि आखिर ड्यूटी पर तैनात एक वर्दीधारी से अधिकारी के ड्राइवर के पैर क्यों दबवाए जा रहे थे। मामले को लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं भी सामने आईं।

SDM ने बताई वायरल वीडियो की असली वजह

घाटमपुर के एसडीएम अविचल प्रताप सिंह ने वायरल वीडियो को लेकर सफाई दी है। उनका कहना है कि करीब दो दिन पहले उनके ड्राइवर मनोज कुमार गर्मी और उमस के चलते अचानक बेहोश होकर गिर गए थे।

एसडीएम के मुताबिक, ड्राइवर को उठाकर सरकारी आवास में मौजूद तख्त पर लिटाया गया। उस समय उनकी तबीयत खराब थी और उन्हें घबराहट भी हो रही थी। इसी दौरान वहां मौजूद होमगार्ड ने उनके हाथ-पैर दबाकर राहत देने की कोशिश की।

एसडीएम ने कहा कि इसी दौरान किसी व्यक्ति ने वीडियो बना लिया और बाद में उसे सोशल मीडिया पर अलग तरीके से पेश करते हुए वायरल कर दिया। उन्होंने यह भी कहा कि वीडियो को गलत नीयत से प्रसारित करने के मामले में कार्रवाई की जाएगी।

वीडियो के बाद वर्दी की गरिमा पर उठे सवाल

वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर ड्राइवर को लेकर भी कई तरह की टिप्पणियां की जा रही हैं। वहीं, सुरक्षा ड्यूटी में तैनात होमगार्ड से निजी काम कराए जाने को लेकर भी सवाल उठे हैं।

हालांकि एसडीएम की ओर से दी गई सफाई के बाद घटना की तस्वीर कुछ अलग नजर आ रही है। इसके बावजूद अधिकारियों का कहना है कि ड्यूटी के दौरान वर्दीधारी जवानों से किसी भी तरह का गैर-आधिकारिक काम कराया जाना उचित नहीं है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *