स्कूल में नियमित नहीं गए, फिर भी 10वीं में हासिल किए 68.4% अंक; जानिए अतीक अहमद के बेटे आबान की पढ़ाई की कहानी

Knews Desk- माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे आबान अहमद की झांसी में हुए सड़क हादसे में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि आबान अपने भाई अली अहमद से मिलने झांसी जेल जा रहा था। इसी दौरान कानपुर-झांसी हाईवे पर उसकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में आबान समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना के बाद आबान की पढ़ाई और 10वीं बोर्ड परीक्षा से जुड़ी कहानी भी चर्चा में है।

आबान अहमद अतीक अहमद के पांच बेटों में सबसे छोटा था। उसने वर्ष 2024 में ICSE बोर्ड से 10वीं की परीक्षा पास की थी और 68.4 प्रतिशत अंक हासिल किए थे। वह प्रयागराज के सेंट जोसेफ कॉलेज का छात्र था। बताया गया कि परिस्थितियों के चलते आबान नियमित तौर पर स्कूल की कक्षाओं में शामिल नहीं हो पाया था। हालांकि, वह समय-समय पर अपने प्रोजेक्ट और असाइनमेंट जमा करता रहा। बोर्ड परीक्षा के दौरान वह परीक्षा देने के लिए स्कूल पहुंचा था और 68.4 प्रतिशत अंकों के साथ 10वीं पास की।

बाल सुधार गृह में रहे थे आबान और अहजम

प्रयागराज के चर्चित उमेश पाल हत्याकांड के बाद अतीक अहमद के बेटे आबान अहमद और अहजम को बाल सुधार गृह में रखा गया था। अक्टूबर 2023 में दोनों को वहां से रिहा किया गया, जिसके बाद उनकी कस्टडी उनकी बुआ परवीन कुरैशी को सौंप दी गई थी।

परिवार में लगातार हुई घटनाओं के कारण दोनों उस दौरान बोर्ड परीक्षा में शामिल नहीं हो सके थे। इसके बाद वर्ष 2024 में उन्होंने बोर्ड परीक्षा दी। आबान ने 68.4 प्रतिशत अंक हासिल कर परीक्षा पास की।

भाई अली से मिलने झांसी जा रहा था आबान

जानकारी के मुताबिक, गुरुवार सुबह आबान अपने दोस्तों के साथ झांसी जा रहा था। बताया जा रहा है कि वह झांसी जेल में बंद अपने भाई अली अहमद से मिलने के लिए निकला था।

कानपुर-झांसी हाईवे पर पुंछ थाना क्षेत्र के पास कार अचानक अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे में दो की मौत, तीन गंभीर रूप से घायल

दुर्घटना के समय कार में कुल पांच लोग सवार थे। हादसे के बाद घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने आबान अहमद और उसके साथी सोनू को मृत घोषित कर दिया।

वहीं, उमर अहमद, मोहम्मद जैद और असलम गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को बेहतर इलाज के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।

कार के सामने जानवर आने की बात

हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है।

परिजनों और अतीक अहमद के करीबी रिश्तेदारों की ओर से दावा किया गया कि कार के सामने अचानक एक जानवर आ गया था। उसे बचाने की कोशिश के दौरान चालक कार से नियंत्रण खो बैठा और वाहन डिवाइडर से टकरा गया। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारण को लेकर पुलिस जांच जारी है।

अतीक अहमद के परिवार को एक और झटका

अतीक अहमद के पांच बेटे थे। उसका बेटा असद अहमद अप्रैल 2023 में पुलिस एनकाउंटर में मारा गया था। वहीं अली अहमद जेल में बंद है। अब सबसे छोटे बेटे आबान की सड़क दुर्घटना में मौत से परिवार को एक और बड़ा झटका लगा है।

पुलिस हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *