जंतर-मंतर के बाद रांची के छात्र आंदोलन में दिखे जुनैद, मोराबादी पहुंचने पर छिड़ी नई चर्चा

दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारी छात्रों के लिए भोजन और पानी की व्यवस्था कर चर्चा में आए जुनैद अब झारखंड की राजधानी रांची पहुंच गए हैं। जेपीएससी और जेएसएससी भर्ती परीक्षाओं को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों के बीच उनकी मौजूदगी के बाद एक बार फिर उनका नाम चर्चा में है।

Knews Desk- दिल्ली से शुरू हुई जुनैद की चर्चा अब रांची के मोराबादी मैदान तक पहुंच गई है। जंतर-मंतर पर हुए छात्र प्रदर्शन के दौरान जुनैद आंदोलनकारियों के बीच सक्रिय नजर आए थे। उन्होंने प्रदर्शन में शामिल छात्रों के लिए खाने-पीने की व्यवस्था की थी, जिसके बाद सोशल मीडिया से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक उनकी चर्चा हुई थी।

अब जुनैद झारखंड में भर्ती परीक्षाओं को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन के बीच दिखाई दिए हैं। रांची में उनकी मौजूदगी को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। आंदोलन से जुड़े छात्र इसे प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता की मांग को लेकर अलग-अलग राज्यों के अभ्यर्थियों के बीच एकजुटता के तौर पर देख रहे हैं।

जुनैद का नाम उस समय ज्यादा चर्चा में आया था, जब उन्होंने दावा किया था कि खुद को पुलिसकर्मी बताने वाले कुछ लोग उन्हें अपने साथ ले गए थे। जुनैद के मुताबिक, उनसे पूछताछ की गई और बाद में उन्हें मसूरी में छोड़ दिया गया। उनके इन दावों ने उस समय काफी सुर्खियां बटोरी थीं। अब रांची में उनकी मौजूदगी ने एक नया सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या विभिन्न राज्यों में भर्ती परीक्षाओं को लेकर चल रहे छात्र आंदोलनों के बीच आपसी समर्थन बढ़ रहा है।

JPSC-JSSC को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्र

झारखंड में बड़ी संख्या में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले अभ्यर्थी जेपीएससी और जेएसएससी समेत विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों को लेकर विरोध जता रहे हैं। छात्रों का आरोप है कि भर्ती प्रक्रिया में अनियमितताएं हुई हैं और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों की प्रमुख मांगों में अप्रैल में आयोजित प्रारंभिक सिविल सेवा परीक्षा को रद्द कर दोबारा परीक्षा कराने की मांग शामिल है। इसके साथ ही वे अन्य भर्ती परीक्षाओं में लगाए गए कथित अनियमितताओं के आरोपों की जांच किसी केंद्रीय जांच एजेंसी से कराने की मांग कर रहे हैं। छात्रों की ओर से भर्ती परीक्षाओं से जुड़े मामलों की जल्द सुनवाई के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट की मांग भी उठाई जा रही है।

सरकार ने दिया जांच और न्याय का भरोसा

वहीं, झारखंड सरकार की ओर से छात्रों द्वारा लगाए जा रहे आरोपों की जांच की बात कही गई है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी अभ्यर्थियों को भरोसा दिलाया है कि मामले को देखा जा रहा है और छात्रों के साथ न्याय किया जाएगा।

इस बीच जंतर-मंतर आंदोलन से चर्चा में आए जुनैद का रांची पहुंचना छात्र आंदोलन को लेकर चल रही बहस को और तेज कर रहा है। उनकी मौजूदगी को समर्थक जहां छात्रों के साझा संघर्ष और एकजुटता से जोड़ रहे हैं, वहीं इसे लेकर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर भी चर्चा शुरू हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *