अमरोहा के डिडौली क्षेत्र में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां मां के पास सो रहे दलित बच्चे का अपहरण कर उसे जंगल ले जाया गया और वहां उसके साथ क्रूरता की गई। आरोप है कि हमलावर ने बच्चे के नाक और निजी अंग को गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए घायल बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया और मुख्य आरोपी संभल निवासी शान को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।
Knews Desk- उत्तर प्रदेश के अमरोहा से मानवता को झकझोर देने वाली एक भयावह वारदात सामने आई है। यहां एक गांव में मां के पास सो रहे मासूम दलित बच्चे का अपहरण कर उसे जंगल में ले जाया गया, जहां उसके साथ बर्बरता की सभी सीमाएं पार कर दी गईं। आरोपी ने बच्चे के नाक और निजी अंगों को काटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बीती रात मुठभेड़ के दौरान मुख्य आरोपी को पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया।
यह दर्दनाक घटना डिडौली कोतवाली क्षेत्र के गांव नरथो की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, घटना शुक्रवार सुबह करीब साढ़े छह बजे हुई। दलित समुदाय का मासूम बच्चा कमलजीत अपनी मां अशंकु के पास गहरी नींद में सो रहा था, तभी उसे बेहद सुनियोजित तरीके से अगवा कर लिया गया।
जंगल में घायल अवस्था में कमलजीत
मां की नींद खुलने पर जब बच्चा बिस्तर से गायब मिला, तो परिवार में अफरा-तफरी मच गई। तुरंत उसकी तलाश शुरू की गई, जिसके कुछ ही समय बाद मासूम बच्चा गांव के पास स्थित एक सुनसान जंगल में गंभीर रूप से घायल और खून से लथपथ हालत में मिला।
नाक और प्राइवेट पार्ट पर हमला
इस दर्दनाक वारदात में हैवानियत की हदें तब पार हो गईं, जब मासूम के निजी अंगों और नाक पर धारदार हथियार से हमला कर उसे गंभीर रूप से चोटिल कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बच्चे को तुरंत नजदीकी अस्पताल भेजा गया। डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज जारी है, जबकि उसकी हालत अभी भी नाजुक बताई जा रही है।
आरोपी शान के पुराना विवाद भी आएं सामने
अमरोहा पुलिस की शुरुआती जांच और स्थानीय सूत्रों से जो जानकारी सामने आई है, वह कई सवाल खड़े करने वाली है। इस वारदात को अंजाम देने वाला मुख्य आरोपी शान पड़ोसी जनपद संभल का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार वह नशे का आदी है। जांच में यह भी सामने आया है कि घायल मासूम की मां ने इसी साल फरवरी 2026 में आरोपी शान के खिलाफ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म, मारपीट और एससी-एसटी एक्ट सहित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कराया था।
महिला ने ही कराई थी जमानत
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, केस दर्ज होने के कुछ समय बाद पीड़िता महिला ने ही आरोपी शान की अदालत से जमानत कराई थी। स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि जमानत के बाद आरोपी का महिला के घर आना-जाना बढ़ गया था और दोनों के बीच पुराने संबंध होने की बात भी सामने आ रही है।
एनकाउंटर के बाद आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
अमरोहा के अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) अखिलेश भदौरिया ने बताया, कि पीड़ित परिवार की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की थीं। बीती रात डिडौली पुलिस और स्वाट टीम की आरोपी शान से मुठभेड़ हो गई, जिसमें पैर में गोली लगने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। मामले की जांच जारी है।