ड्रेसिंग रूम में ई-सिगरेट पीना पड़ा महंगा, रियान पराग को मिली सजा

KNEWS DESK- आईपीएल 2026 में रियान पराग एक अनोखे विवाद में घिरने के बाद अब सजा का सामना कर रहे हैं। Rajasthan Royals के कप्तान पर ड्रेसिंग रूम के अंदर ई-सिगरेट (वेपिंग) करने के मामले में अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है।

यह घटना पंजाब किंग्स के खिलाफ न्यू चंडीगढ़ में खेले गए मुकाबले के दौरान सामने आई थी, जब कैमरे में पराग को ड्रेसिंग रूम में ई-सिगरेट का कश लगाते हुए देखा गया। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद मामला बीसीसीआई के संज्ञान में आया।

जांच के बाद रियान पराग को आईपीएल आचार संहिता के उल्लंघन का दोषी पाया गया। उन्हें सजा के तौर पर मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है, साथ ही उनके खाते में एक डिमेरिट पॉइंट भी जोड़ा गया है। बताया जा रहा है कि पराग ने मैच रेफरी के सामने अपनी गलती स्वीकार कर ली थी।

भारत में साल 2019 से ई-सिगरेट पर प्रतिबंध लागू है, और क्रिकेट बोर्ड के नियमों के तहत भी ड्रेसिंग रूम जैसे स्थानों पर स्मोकिंग और वेपिंग पूरी तरह वर्जित है। ऐसे में एक कप्तान का इस तरह नियमों का उल्लंघन करना गंभीर माना गया।

हालांकि मैदान पर प्रदर्शन की बात करें तो रियान पराग का बल्ला इस सीजन ज्यादा नहीं चला है। उन्होंने 9 मैचों में सिर्फ 117 रन बनाए हैं। बावजूद इसके उनकी कप्तानी में राजस्थान रॉयल्स का प्रदर्शन संतोषजनक रहा है और टीम अच्छी स्थिति में बनी हुई है।

गौरतलब है कि क्रिकेट में इससे पहले भी कुछ खिलाड़ियों को सिगरेट या वेपिंग करते देखा गया है, लेकिन आईपीएल में इस तरह की घटना के लिए सजा पाने वाले पराग पहले खिलाड़ी बन गए हैं। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि इस विवाद का उनके खेल और कप्तानी पर आगे क्या असर पड़ता है।