IPL 2026: लखनऊ ने तोड़ा हार का सिलसिला, RCB को 9 रनों से हराया

KNEWS DESK- इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स ने आखिरकार जीत की पटरी पर वापसी कर ली। इकाना स्टेडियम में खेले गए बारिश से प्रभावित मुकाबले में लखनऊ ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 9 रन से हराकर लगातार 6 हार का सिलसिला खत्म किया। इस जीत के साथ ही टीम ने प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदों को भी बरकरार रखा है।

बारिश की वजह से मैच तीन बार रोका गया, जिसके बाद मुकाबले को 19-19 ओवर का कर दिया गया। हालांकि मौसम की रुकावटों के बावजूद फैंस को एक हाई-स्कोरिंग और बेहद रोमांचक मुकाबला देखने को मिला, जिसका फैसला आखिरी ओवर में जाकर हुआ।

पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ सुपर जायंट्स ने 19 ओवर में 3 विकेट खोकर 209 रन बनाए। टीम की ओर से मिचेल मार्श ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 56 गेंदों में 111 रन जड़ दिए। उनकी पारी में 9 चौके और 9 शानदार छक्के शामिल रहे। मार्श ने आरसीबी के गेंदबाजों पर शुरुआत से ही दबाव बना दिया और मैदान के चारों ओर बड़े शॉट लगाए।

निकोलस पूरन ने 38 रन की तेज पारी खेली, जबकि कप्तान ऋषभ पंत ने नाबाद 32 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। आरसीबी की ओर से जोश हेजलवुड, क्रुणाल पंड्या और रसिक सलाम ने एक-एक विकेट लिया।

DLS नियम के तहत आरसीबी को 19 ओवर में 213 रन का संशोधित लक्ष्य मिला, लेकिन टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। मोहम्मद शमी ने पहले ही ओवर में जैकब बेथेल को पवेलियन भेज दिया। इसके बाद युवा गेंदबाज प्रिंस यादव ने दूसरे ओवर में विराट कोहली को शून्य पर बोल्ड कर बड़ा झटका दिया।

प्रिंस यादव ने शानदार गेंदबाजी करते हुए कुल 3 विकेट अपने नाम किए और लखनऊ की जीत के सबसे बड़े हीरो साबित हुए।

शुरुआती झटकों के बाद कप्तान रजत पाटीदार ने 61 रन की जिम्मेदार पारी खेलकर टीम को संभालने की कोशिश की। वहीं टिम डेविड ने भी तेजतर्रार 40 रन बनाए। हालांकि शाहबाज अहमद ने दोनों सेट बल्लेबाजों को आउट कर मैच का रुख बदल दिया।

आखिरी ओवरों में क्रुणाल पंड्या ने 16 गेंदों में नाबाद 28 रन बनाकर मुकाबले को रोमांचक बना दिया, लेकिन अंतिम ओवर में दिग्वेश राठी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 20 रन बचा लिए। आरसीबी की टीम 19 ओवर में 6 विकेट पर 203 रन ही बना सकी और लखनऊ ने मुकाबला 9 रन से अपने नाम कर लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *