KNEWS DESK- महाराष्ट्र के नासिक में चर्चित TCS धर्मांतरण मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करीब 25 दिनों से फरार चल रही मुख्य आरोपी निदा खान को पुलिस ने छत्रपति संभाजीनगर से गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई नासिक पुलिस की विशेष जांच टीम (SIT) और छत्रपति संभाजीनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने की।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, निदा खान को छत्रपति संभाजीनगर के नाइगांव इलाके से हिरासत में लिया गया। मामला दर्ज होने के बाद से ही वह लगातार पुलिस से बचने की कोशिश कर रही थी। जांच एजेंसियां उसकी तलाश में कई शहरों में छापेमारी कर रही थीं।
जानकारी के मुताबिक, गिरफ्तारी से बचने के लिए निदा खान ने अदालत में अग्रिम जमानत की अर्जी दाखिल की थी। हालांकि अदालत ने इस महीने की शुरुआत में उसकी याचिका खारिज कर दी थी। सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने अदालत को बताया था कि मामले की जांच के लिए आरोपी से हिरासत में पूछताछ बेहद जरूरी है।
अदालत में पुलिस ने कहा था कि मामले में डिजिटल सबूत, गवाहों के बयान और कई अन्य तकनीकी जानकारियों की जांच की जानी बाकी है। जांच एजेंसियों का मानना है कि इस मामले के तार नासिक के बाहर अन्य शहरों से भी जुड़े हो सकते हैं।
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर गठित SIT ने अदालत को बताया कि निदा Khan ने कथित रूप से शिकायतकर्ता को धार्मिक गतिविधियों से जोड़ने की कोशिश की थी। जांच में यह भी सामने आया कि पीड़िता को हिजाब और बुर्का पहनने के लिए प्रेरित किया गया था। इसके अलावा उसे धार्मिक सामग्री और कुछ मोबाइल एप्लिकेशन भी भेजे गए थे।
इससे पहले पुलिस ने निदा खान के पति से भी लंबी पूछताछ की थी। पूछताछ के आधार पर कई संभावित ठिकानों पर छापेमारी की गई, लेकिन आरोपी लगातार पुलिस को चकमा देती रही। पुलिस के मुताबिक, आरोपी और उसके रिश्तेदारों के कई मोबाइल फोन बंद मिले थे, जिससे उसकी लोकेशन ट्रेस करने में कठिनाई आ रही थी।
अब पुलिस आरोपी को कोर्ट में पेश करने की तैयारी कर रही है। जांच एजेंसियों का कहना है कि पूछताछ के बाद मामले में और भी अहम खुलासे हो सकते हैं।