सोना फिर लुढ़का, चांदी में भारी गिरावट: एक दिन में ₹19 हजार तक टूटे दाम

Knews Desk– सोने-चांदी की कीमतों में एक बार फिर बड़ी गिरावट देखने को मिली है. बीते दो कारोबारी दिनों से लगातार गिर रहे दामों ने निवेशकों और ग्राहकों दोनों को राहत दी है. खासतौर पर चांदी की कीमत में रिकॉर्ड गिरावट दर्ज की गई है. शुक्रवार को चांदी एक ही दिन में करीब 19 हजार रुपये सस्ती हो गई, जबकि सोने के भाव में भी भारी कमी आई है.

इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) की ताजा रेटलिस्ट के अनुसार, 24 कैरेट शुद्ध सोना 2,949 रुपये टूटकर 1,58,210 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया है. वहीं 22 कैरेट सोने का भाव 1,44,920 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया. 18 कैरेट सोने की कीमत भी गिरकर 1,18,658 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई है. अगर चांदी की बात करें तो इसकी कीमत में सबसे ज्यादा गिरावट देखने को मिली. एक दिन में चांदी 18,693 रुपये सस्ती होकर 2.68 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई. MCX पर भी चांदी में कमजोरी दर्ज की गई और कारोबार बंद होने तक इसका भाव 2,71,226 रुपये प्रति किलो रहा.

वैश्विक बाजार में हालांकि कॉमैक्स गोल्ड में तेजी देखने को मिली. कॉमैक्स पर सोना 29 डॉलर बढ़कर 4,715.85 डॉलर प्रति औंस पहुंच गया. इसके बावजूद घरेलू बाजार में सोना और चांदी दोनों दबाव में रहे. जानकारों के मुताबिक, इंपोर्ट ड्यूटी टैक्स बढ़ने के बाद सोने-चांदी की कीमतों में तेजी आई थी, लेकिन अब बाजार में मुनाफावसूली और कमजोर मांग के चलते कीमतों में गिरावट देखने को मिल रही है.

गौरतलब है कि सोना अपने ऑल टाइम हाई से करीब 17,911 रुपये सस्ता हो चुका है, जबकि चांदी में 1,17,433 रुपये तक की गिरावट आ चुकी है. जनवरी 2026 में सोना 1.76 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 3.86 लाख रुपये प्रति किलो के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई थी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *