KNEWS DESK- समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और भाजपा नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का 38 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्हें सुबह लखनऊ के सिविल अस्पताल में गंभीर हालत में लाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रतीक यादव, सपा प्रमुख अखिलेश यादव के सौतेले भाई थे, लेकिन उन्होंने हमेशा राजनीति से दूरी बनाए रखी और अपना पूरा ध्यान बिजनेस और फिटनेस पर केंद्रित किया।
ब्रिटेन की यूनिवर्सिटी ऑफ लीड्स से पढ़ाई करने के बाद प्रतीक यादव ने राजनीति की बजाय फिटनेस और बिजनेस की दुनिया को चुना। उन्होंने लखनऊ में ‘The Fitness Planet’ नाम से जिम शुरू किया, जो धीरे-धीरे लोकप्रिय ब्रांड बन गया। इसके बाद उन्होंने Iron Core Fit जैसे हाई-एंड जिम ब्रांड के कई सेंटर भी शुरू किए।
फिटनेस सेक्टर में काम करते हुए उन्होंने बॉडीबिल्डिंग, पावरलिफ्टिंग और न्यूट्रिशन इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बनाई। साल 2012 में उन्हें bodybuilding.com पर “International Transformation of the Month” का खिताब भी मिला था।
फिटनेस के अलावा प्रतीक यादव ने रियल एस्टेट सेक्टर में भी निवेश किया। उन्होंने कई कमर्शियल और रेसिडेंशियल प्रोजेक्ट्स में काम किया और प्रॉपर्टी डीलिंग के जरिए अपनी कमाई को बढ़ाया।
साल 2019 में उन्होंने ‘Iron Hyde Apparel’ नाम से फिटनेस गारमेंट ब्रांड भी लॉन्च किया, जो बॉडीबिल्डिंग और फिटनेस से जुड़े कपड़ों के लिए जाना जाता था।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रतीक यादव की कुल संपत्ति लगभग 5.5 करोड़ से 7 करोड़ रुपये के बीच बताई जाती है। उनकी आय का मुख्य स्रोत जिम बिजनेस, फिटनेस ट्रेनिंग, ब्रांड प्रमोशन और रियल एस्टेट निवेश थे। उन्हें लग्जरी कारों का भी शौक था और वे महंगी गाड़ियों का इस्तेमाल करते थे।
हाल ही में प्रतीक यादव और उनकी पत्नी Aparna Yadav के बीच विवाद की खबरें भी सामने आई थीं, हालांकि बाद में दोनों ने इसे सुलझाने की बात कही थी। प्रतीक यादव राजनीतिक परिवार से होने के बावजूद हमेशा लाइमलाइट से दूर रहे और एक साधारण, निजी जीवन जीने को प्राथमिकता देते थे।