कैंपा के बाद आइसक्रीम बाजार में रिलायंस की एंट्री, सिर्फ 10 रुपये से शुरू होगी ‘बॉम्बे क्रीमरी’

मुकेश अंबानी की रिलायंस ने आइसक्रीम बाजार में कदम रखते हुए ‘बॉम्बे क्रीमरी’ ब्रांड लॉन्च किया है. इसकी शुरुआती कीमत सिर्फ 10 रुपये रखी गई है. कंपनी फिलहाल पश्चिमी भारत में इसे पेश कर रही है और आगे देशभर में विस्तार की तैयारी है.

Knews Desk- रिलायंस अब सिर्फ टेलीकॉम, रिटेल और सॉफ्ट ड्रिंक तक सीमित नहीं रहना चाहती. कंपनी ने आइसक्रीम सेगमेंट में भी अपनी मौजूदगी दर्ज करा दी है. रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड (RCPL) ने ‘बॉम्बे क्रीमरी’ नाम से नया आइसक्रीम ब्रांड बाजार में उतारा है. इसकी कीमत 10 रुपये से शुरू हो रही है. कप, कोन और स्टिक जैसे कई विकल्पों के साथ कंपनी बाजार में उतर रही है.

रिलायंस की एंट्री का असर आइसक्रीम बाजार के साथ-साथ शेयर बाजार में भी देखने को मिला. खबर सामने आने के बाद बुधवार को बीएसई पर क्वालिटी वॉल्स के शेयर करीब 3 फीसदी तक गिरकर 43 रुपये पर पहुंच गए. यह लगातार सातवां कारोबारी सत्र था, जब कंपनी के शेयर में गिरावट आई. इस दौरान शेयर करीब 11 फीसदी तक टूट चुका है.

वहीं, अमूल के मैंगो फ्लेवर स्टिक और कश्मीरी केसर कुल्फी जैसे प्रोडक्ट ऑनलाइन क्विक-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर करीब 20 रुपये से उपलब्ध हैं. ऐसे में रिलायंस ने 10 रुपये की शुरुआती कीमत रखकर बाजार में सीधे कम कीमत वाली प्रतिस्पर्धा शुरू कर दी है.

क्वालिटी से समझौता नहीं करने का दावा

RCPL के निदेशक टी. कृष्णकुमार के मुताबिक, कंपनी कीमत कम रखने के बावजूद आइसक्रीम की क्वालिटी से समझौता नहीं करेगी. उनका कहना है कि ‘बॉम्बे क्रीमरी’ को असली डेयरी क्रीम से तैयार किया गया है और इसे भारतीय परिवारों के बजट को ध्यान में रखकर पेश किया गया है.

कंपनी ने पारंपरिक वैनिला और चॉकलेट के अलावा साल्टेड कार्मेल, माचा और तिरमिसु जैसे फ्लेवर भी शामिल किए हैं. क्विक-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के बढ़ते इस्तेमाल से आइसक्रीम की ऑनलाइन डिलीवरी का चलन भी तेजी से बढ़ा है.

कैंपा कोला जैसा दांव

रिलायंस के लिए कम कीमत के जरिए किसी नए सेगमेंट में तेजी से जगह बनाने की रणनीति नई नहीं है. कंपनी ने सॉफ्ट ड्रिंक ब्रांड कैंपा कोला को भी 10 रुपये की शुरुआती कीमत के साथ दोबारा बाजार में उतारा था. इसके बाद कोल्ड ड्रिंक बाजार में प्रतिस्पर्धा तेज हुई और मौजूदा कंपनियों को अपनी रणनीतियों में बदलाव करना पड़ा.

कैंपा कोला की बिक्री भी रिलायंस के लिए बड़ी सफलता साबित हुई. वित्त वर्ष 2026 में इसकी ग्रॉस सेल 4,700 करोड़ रुपये से अधिक पहुंच गई. अब कंपनी इसी तरह की रणनीति आइसक्रीम बाजार में ‘बॉम्बे क्रीमरी’ के जरिए दोहराने की कोशिश कर रही है.

तेजी से बढ़ रहा है आइसक्रीम बाजार

भारत में आइसक्रीम की मांग लगातार बढ़ रही है. बढ़ते तापमान, लंबे समय तक चलने वाली गर्मी और लोगों की बढ़ती खर्च करने की क्षमता ने इस बाजार को गति दी है. एक्सपर्ट मार्केट रिसर्च के आंकड़ों के मुताबिक, देश का आइसक्रीम बाजार करीब 15 फीसदी CAGR की दर से बढ़ रहा है और 2035 तक इसके 16.10 अरब डॉलर तक पहुंचने का अनुमान है.

रिलायंस की नजर सिर्फ बड़े शहरों पर नहीं है. कंपनी छोटे शहरों और कस्बों तक भी अपनी पहुंच बढ़ाने की तैयारी में है. इसके लिए मजबूत डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क के साथ रिटेल दुकानों पर खास फ्रीजर लगाए जा रहे हैं, ताकि प्रोडक्ट को ज्यादा से ज्यादा ग्राहकों तक पहुंचाया जा सके.

डीआर चोकसी फिनसर्व के एमडी देवेन चोकसी के अनुसार, आइसक्रीम में रिलायंस की एंट्री उसकी लंबी अवधि की रणनीति का हिस्सा है. अगर ‘बॉम्बे क्रीमरी’ भी कैंपा कोला जैसी सफलता हासिल करती है, तो पहले से बाजार में मौजूद आइसक्रीम कंपनियों के सामने प्रतिस्पर्धा और बढ़ सकती है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *