knews desk – भारत के मशहूर ट्रेड एनालिस्ट कोमल नाहटा अपने पॉडकास्ट ‘गेम चेंजर्स: द म्यूजिक सीरीज’ के नए सीजन के साथ वापस आ गए हैं। इस सीरीज में मशहूर सिंगर्स, कंपोजर्स और म्यूजिक के दिग्गज अपनी क्रिएटिव जर्नी, इंस्पिरेशन और उन अनसुनी कहानियों के बारे में बात करते हैं, जिन्होंने कई पीढ़ियों के म्यूजिक को यादगार बनाया है। इस बार के लेटेस्ट एपिसोड में रमेश तौरानी नजर आए।
टिप्स इंडस्ट्री के को -फाउंडर और मैनेजिंग डायरेक्टर रमेश तौरानी भारतीय सिनेमा के सबसे जाने माने फिल्म प्रोड्यूसर और म्यूजिक मोगल में से एक हैं, जो बॉलीवुड साउंडट्रेक को दशकों से आकार देते आ रहे हैं। एपिसोड में बात करते हुए उन्होंने अपनी शुरुआती दिनों की बातें साझा की है कि कैसे उन्होंने 90’s की शुरुआत में बिजनेस को संभाला था। इंडस्ट्री डिप्लोमेसी से जुड़ी एक अहम सीख को याद करते हुए उन्होंने कहा, “मैंने फ़िरोज़ नडियाडवाला से दो पिक्चर्स लीं, ‘राम शास्त्र’ और एक अनिल कपूर की मूवी। अनिल कपूर वाली पिक्चर बन नहीं पाई, तो हमने पैसा ‘राम शास्त्र’ के साथ एडजस्ट कर लिया। जब मैंने दो मूवीज़ लीं, तो उन्होंने सुनील शेट्टी और किसी और डायरेक्टर के साथ तीन नई मूवीज़ का एलान कर दिया। उस वक्त, सुनील शेट्टी इंडस्ट्री में नए थे और हमारे पास सुपरस्टार्स अनिल कपूर और जैकी श्रॉफ थे। उन्होंने ज़िद की कि मैं वो तीन नई पिक्चर्स भी लूं, लेकिन मैंने मना कर दिया। ‘मुझे नहीं चाहिए, आपके पिक्चर का हीरो सुनील शेट्टी है।’ उस वक्त हमें बेहतर समझ नहीं थी, क्योंकि हम भी 1990, 1991 में नए थे। हमें नहीं पता था कि हमें ऐसे नहीं बोलना चाहिए था।”
उन्होंने आगे कहा, “एक घंटे में, मुझे जतिन राजगुरु का फोन आया, जो सुनील शेट्टी के सेक्रेटरी थे, उन्होंने कहा कि सुनील आपसे मिलना चाहते हैं। मैंने कहा, ‘मोस्ट वेलकम।’ मुझे नहीं पता था कि वे इसलिए मिलना चाहते थे क्योंकि मैंने वो बात कही थी। वे आए और बोले, ‘सर, आप ऐसा मत बोलो कि आप सुनील शेट्टी की पिक्चर नहीं करोगे।’ मैंने कहा, ‘यह सच है कि मैंने वो कहा था, लेकिन मैं आपकी दो पिक्चर्स खरीदूंगा।’ हमने ‘रघुवीर’ (1995) और ‘टक्कर’ (1995) लीं, और उस घटना से मैंने सीखा कि इंडस्ट्री में क्या नहीं बोलना चाहिए।”
गेम चेंजर्स: द म्यूजिक सीरीज’ के जरिए कोमल नाहटा भारतीय सिनेमा और म्यूजिक से जुड़ी बातचीत को एक नए अंदाज में सामने ला रहे हैं। ‘गेम चेंजर्स: द म्यूजिक सीरीज’ के लेटेस्ट एपिसोड को यूट्यूब चैनल पर देखा जा सकता है।