BJP ने तीन सीटों पर उम्मीदवार उतारे, शिंदे गुट ने पुणे शिक्षक सीट से मंगेश चिवटे को मैदान में उतारने की तैयारी की
Knews Desk– महाराष्ट्र विधान परिषद की स्नातक और शिक्षक सीटों के चुनाव को लेकर महायुति के भीतर सियासी खींचतान शुरू हो गई है। भाजपा ने पुणे स्नातक, नागपुर स्नातक और पुणे शिक्षक सीट के लिए अपने उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है। वहीं, पुणे शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से शिवसेना के शिंदे गुट ने भी मंगेश चिवटे को मैदान में उतारने का फैसला किया है। ऐसे में गठबंधन के दोनों दलों के बीच सीधा मुकाबला होने की संभावना है।
भाजपा ने पुणे स्नातक सीट से डॉ. स्मिता जाधव, नागपुर स्नातक से सुधाकर कोहले और पुणे शिक्षक सीट से कौस्तुभ गावडे को उम्मीदवार बनाया है। वहीं अमरावती शिक्षक सीट शिंदे गुट और औरंगाबाद स्नातक सीट अजित पवार गुट को दी गई है। पुणे शिक्षक सीट पर भाजपा के कौस्तुभ गावडे कोल्हापुर की श्री स्वामी विवेकानंद शिक्षण संस्था के मुख्य कार्यकारी अधिकारी हैं। दूसरी ओर, शिंदे गुट के मंगेश चिवटे मंगलवार को नामांकन दाखिल करने वाले हैं। शिवसेना नेता और उद्योग मंत्री उदय सामंत ने स्पष्ट किया है कि पुणे शिक्षक सीट से शिवसेना चुनाव लड़ेगी।
नागपुर स्नातक सीट पर भी भाजपा को अपने ही पूर्व विधायक अनिल सोले से चुनौती मिल रही है। पार्टी से टिकट नहीं मिलने के बाद सोले ने निर्दलीय चुनाव लड़ने की घोषणा की है। भाजपा नेतृत्व उन्हें मनाने की कोशिश कर रहा है। पुणे स्नातक सीट से भाजपा की डॉ. स्मिता जाधव को उम्मीदवार बनाया गया है। वह पुढारी समूह के प्रमुख प्रतापसिंह जाधव की बहू और डीवाई पाटील शिक्षण समूह से जुड़े पीडी पाटील की बेटी हैं।
अब नजर नामांकन वापसी की अंतिम तारीख तक होने वाली बातचीत पर है। यदि सहमति नहीं बनती है, तो पुणे शिक्षक सीट पर महायुति के दोनों घटक दलों के उम्मीदवार आमने-सामने हो सकते हैं।