KNEWS DESK – बॉलीवुड एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी के पति और बिजनेसमैन राज कुंद्रा एक बार फिर कानूनी विवाद को लेकर चर्चा में हैं। इस बार मामला राजस्थान रॉयल्स की मूल कंपनी ‘इमर्जिंग मीडिया’ में उनके निवेश और यूके कोर्ट के हालिया आदेश से जुड़ा है। ब्रिटेन की अदालत के फैसले के बाद राज कुंद्रा ने एक आधिकारिक बयान जारी कर अपनी स्थिति स्पष्ट की है।
राज कुंद्रा ने यूके कोर्ट के आदेश को एकतरफा बताते हुए कहा कि यह फैसला किसी पूर्ण सुनवाई या ट्रायल के बाद नहीं आया है, बल्कि एक प्रक्रियात्मक स्थिति के कारण जारी हुआ है। उन्होंने कहा कि उनकी कानूनी टीम इस समय भारत में चल रही मुख्य कानूनी लड़ाई पर ध्यान केंद्रित कर रही है, जहां उनके अधिकारों से जुड़े अहम मुद्दों पर सुनवाई हो रही है।
कुंद्रा ने अपने बयान में कहा कि वह मांगी गई सेटलमेंट राशि का भुगतान करने के लिए तैयार हैं, लेकिन इसके साथ उनके शेयरों की वापसी भी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि वित्तीय जिम्मेदारियों और शेयरहोल्डिंग से जुड़े मामलों पर एक साथ फैसला होना जरूरी है।
वहीं, राज कुंद्रा ने इमर्जिंग मीडिया के प्रमोटर मनोज बदाले पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि उन्हें गलत दावों और वादों के जरिए उनके निवेश की वास्तविक कीमत से दूर रखा गया। कुंद्रा के मुताबिक, भारत में इमर्जिंग मीडिया से जुड़े कई मामले चल रहे हैं, जिनमें कथित उत्पीड़न और मिसमैनेजमेंट जैसे मुद्दे शामिल हैं।
राज कुंद्रा ने कहा कि यूके कोर्ट का आदेश भारत में चल रही कानूनी प्रक्रिया के मूल मुद्दों को तय नहीं करता। उन्होंने भारतीय न्याय प्रणाली पर भरोसा जताते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद है कि आखिरकार सच की जीत होगी।
गौरतलब है कि राज कुंद्रा इससे पहले भी कई विवादों में रह चुके हैं। आईपीएल स्पॉट फिक्सिंग विवाद के दौरान उनका नाम सुर्खियों में आया था। इसके अलावा 2021 में एडल्ट फिल्म केस को लेकर भी वह चर्चा में रहे थे। अब इमर्जिंग मीडिया शेयर विवाद के चलते एक बार फिर उनकी कानूनी मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं।