‘हनुमान अंश’ फिल्म के बाद से नीम करौली बाबा के आश्रम कैंची धाम में भक्तों का तांता लगा हुआ है। पिछले दिनों ऐसी रिपोर्ट्स आई थीं कि फिल्म देखने के बाद वहां लोगों की भारी भीड़ पहुंच रही है, जिससे लोगों को काफी परेशानी भी हो रही है। इन तमाम परेशानियों को नजरंदाज कर काजोल की बहन और अभिनेत्री तनीषा मुखर्जी नीम करौली बाबा के दर्शन के लिए पहुंचीं। उन्होंने इंस्टाग्राम पर कैंची धाम जाने की जानकारी दी है और वहां की कुछ तस्वीरें भी फैंस के साथ शेयर की हैं।
Knews Desk – तनीषा मुखर्जी ने मंगलवार को अपने इंस्टाग्राम पर कैंची धाम विजिट की 10 तस्वीरें शेयर कीं। इसके साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा, “कैंची धाम में नीब करौरी बाबा के दर्शन किए। जिंदगी समय का खेल है। बुलावा आता है। ब्लेस्ड।”
भीड़ देखकर हुई थी टेंशन
तनीषा मुखर्जी ने आगे लिखा, “हमने 3 अक्टूबर के रील्स देखे थे। थोड़ा परेशान थी कि वहां कितनी भीड़ होगी। लेकिन बाबा के भरोसे हमने भी सागर में नैया डाल दी।” अपने पोस्ट में उन्होंने ये भी बताया कि आश्रम से लेकर गोलू देवता और राजस्थानी फूड तक, सब कुछ मैजिकल था।
https://www.instagram.com/p/DeKJ4EyAldr/
‘हनुमान अंश’ की चर्चा क्यों?
फिल्म ‘हनुमान अंश’ करीब दो महीने पहले बॉक्स ऑफिस पर आई थी। रिलीज के दो हफ्ते तक फिल्म को अच्छा रिस्पॉन्स नहीं मिला। अचानक तीसरे हफ्ते से फिल्म ने रफ्तार पकड़ी और अब ये फिल्म 400 करोड़ रुपये से भी ज्यादा का कारोबार कर चुकी है। फिल्म नीम करौली बाबा के जीवन पर आधारित है। ऐसे में फिल्म देखने के बाद कई लोग कैंची धाम का रुख कर रहे हैं, जिससे वहां पिछले दिनों काफी भीड़ देखी गई थी।
कैंची धाम में भीड़ बढ़ने की जानकारी मिलने पर ‘हनुमान अंश’ के डायरेक्टर और लेखक विशाल चतुर्वेदी ने भी लोगों से वहां सोच-समझकर जाने की अपील की थी। उन्होंने बताया था कि भक्त कैंची धाम की जगह नीम करौली बाबा से जुड़ी अन्य जगहों पर भी जा सकते हैं।