PM मोदी के जन्मस्थान से कर्मभूमि तक बाइक यात्रा, काशी में आज होगा समापन, जानें पूरा कार्यक्रम

KNEWS DESK- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर गुजरात के वडनगर से शुरू हुई ‘सेवा संकल्प बाइक यात्रा’ बुधवार, 7 अक्टूबर को काशी में संपन्न होगी। करीब 500 बाइक यात्री इस यात्रा में शामिल हैं। यात्रा के समापन पर बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक किया जाएगा और जगतपुर इंटर कॉलेज मैदान में बड़ी जनसभा आयोजित होगी।

जनसभा दोपहर करीब 2:30 बजे होगी। इसमें बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी संबोधित करेंगे। नितिन नबीन की काशी में यह पहली जनसभा होगी। कार्यक्रम के तहत सभी बाइक यात्री सुबह 9 बजे संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के मैदान पहुंचेंगे। यहां उनका स्वागत-अभिनंदन किया जाएगा। इसके बाद सुबह 10 से 11 बजे तक एलईडी स्क्रीन के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लाइव उद्बोधन सुना जाएगा। इसके बाद यात्री बस से मैदागिन पहुंचेंगे और वहां से पैदल काशी विश्वनाथ मंदिर जाएंगे।

काशी विश्वनाथ मंदिर तक निकलने वाली पैदल यात्रा में कुल 22 कलश शामिल होंगे। इनमें गुजरात की नदियों के जल से भरे 11 कलश और गंगाजल के 11 कलश होंगे। 51 महिलाएं इन कलशों के साथ चलेंगी। बीजेपी के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, विधायक, मंत्री, MLC और कार्यकर्ताओं के साथ बाइक यात्री भी इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। कुल संख्या करीब 800 रहने की बात कही गई है। मंदिर में करीब एक घंटे तक पूजन-अनुष्ठान और जलाभिषेक किया जाएगा। इसके बाद सभी यात्री जगतपुर इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित जनसभा में पहुंचेंगे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वाराणसी पहुंचकर रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में आयोजित ‘नमो बुक फेस्ट, काशी संस्करण’ का अवलोकन करेंगे। इसके बाद जनसभा में शामिल होकर श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और बाबा काल भैरव का दर्शन-पूजन करेंगे। यात्रा का अगला चरण 8 अक्टूबर को शुरू होगा। सुबह करीब 9 बजे सभी बाइक यात्री अयोध्या के लिए रवाना होंगे। इसके बाद अयोध्या से दिल्ली पहुंचकर अपने-अपने गंतव्य की ओर जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *