KNEWS DESK- दिल्ली में नवजात शिशुओं की स्वास्थ्य जांच को लेकर ‘मिशन अनमोल’ का विस्तार किया गया है। मंगलवार को त्यागराज स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय आशा सम्मेलन-2026 और आशा सम्मान समारोह में उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कई जनकल्याणकारी योजनाओं की शुरुआत की। इस पहल के तहत नवजात शिशुओं में 63 जन्मजात बीमारियों की मुफ्त स्क्रीनिंग की जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान जी.बी. पंत अस्पताल में SOTTO भवन का वर्चुअल उद्घाटन, ‘अनमोल’ पहल का विस्तार और नर्सिंग होम मैनेजमेंट सिस्टम पोर्टल का शुभारंभ किया गया। साथ ही आशा कार्यकर्ताओं के प्रोत्साहन भत्ते में बढ़ोतरी की घोषणा भी की गई। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि आशा बहनें हर परिवार के स्वास्थ्य की चिंता करते हुए घर-घर तक स्वास्थ्य सेवाएं और सरकारी योजनाएं पहुंचाती हैं। उन्होंने कहा कि जो महिलाएं परिवारों की सेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं, सरकार उनके सम्मान, सुविधा और कल्याण का भी ध्यान रखेगी।
उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने कहा कि स्वस्थ नागरिक विकसित और सशक्त दिल्ली की आधारशिला हैं। उन्होंने बताया कि आशा कार्यकर्ताओं का मासिक मानदेय 3,000 रुपये से बढ़ाकर 6,000 रुपये किया गया है। उन्होंने इसे उनके योगदान और समर्पण के प्रति सम्मान बताया। उपराज्यपाल ने नवजात शिशुओं में स्वास्थ्य समस्याओं की शुरुआती पहचान और समय पर उपचार के लिए ‘अनमोल’ पहल की सराहना की। उन्होंने जी.बी. पंत अस्पताल में SOTTO केंद्र को अंगदान और प्रत्यारोपण व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
नर्सिंग होम मैनेजमेंट सिस्टम पोर्टल के जरिए पंजीकरण और नवीनीकरण जैसी प्रक्रियाएं ऑनलाइन और पारदर्शी होंगी। सरकार के मुताबिक, तकनीक, मजबूत स्वास्थ्य व्यवस्था और मानवीय दृष्टिकोण के जरिए स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास जारी है।