15 साल बाद लौटेगी ‘द डर्टी पिक्चर’, एकता कपूर ने किया सीक्वल का ऐलान, कहानी होगी नई

विद्या बालन की सुपरहिट फिल्म ‘द डर्टी पिक्चर’ के सीक्वल को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। प्रोड्यूसर एकता कपूर ने खुलासा किया है कि वह ‘द डर्टी पिक्चर 2’ बनाने की तैयारी कर रही हैं। इस बार फिल्म में नई कहानी देखने को मिलेगी, जबकि नई स्टारकास्ट को लेकर अभी कोई जानकारी नहीं दी गई है।

Knews Desk – साल 2011 में रिलीज हुई विद्या बालन, इमरान हाशमी, तुषार कपूर और नसीरुद्दीन शाह स्टारर फिल्म ‘द डर्टी पिक्चर’ बॉक्स ऑफिस पर हिट रही थी। फिल्म में विद्या बालन ने साउथ सिनेमा की एक्ट्रेस सिल्क स्मिता का किरदार निभाया था। अब करीब 15 साल बाद इस फिल्म का सीक्वल बनने जा रहा है। प्रोड्यूसर एकता कपूर ने खुद इसकी जानकारी दी है और बताया है कि उनके पास ‘द डर्टी पिक्चर 2’ के लिए एक नई कहानी है।

एकता कपूर ने हाल ही में यूट्यूबर रणवीर इलाहाबादिया के साथ बातचीत के दौरान इस प्रोजेक्ट का खुलासा किया। उन्होंने कहा, “मैं एक बहुत बड़ी फिल्म बना रही हूं, जिसका नाम है ‘द डर्टी पिक्चर 2’। मैं इसे पहले पार्ट के 15 साल के बाद बनाने का प्लान कर रही हूं। इस बार मुझे लगता है कि मेरे पास एक ऐसी कहानी है जिसे मैं बताना चाहती हूं।”

एकता कपूर के इस बयान के बाद फिल्म की कहानी और स्टारकास्ट को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। पहली फिल्म में विद्या बालन ने सिल्क स्मिता की भूमिका निभाकर खूब तारीफें बटोरी थीं। हालांकि, सीक्वल में उनकी वापसी होगी या नहीं, इसे लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। एकता ने फिलहाल फिल्म के सीक्वल और उसकी नई कहानी को लेकर ही जानकारी साझा की है।

‘द डर्टी पिक्चर’ का निर्देशन मिलन लुथरिया ने किया था। फिल्म को बनाने में करीब 28 करोड़ रुपये खर्च हुए थे, जबकि सैकनिल्क के मुताबिक, इसने दुनियाभर में 116.55 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया था। फिल्म की सफलता ने इसे उस दौर की चर्चित फिल्मों में शामिल कर दिया था।

अब ‘द डर्टी पिक्चर 2’ के जरिए एकता कपूर एक बार फिर दर्शकों के सामने नई कहानी पेश करने की तैयारी में हैं। फिल्म में कौन से कलाकार नजर आएंगे और इसकी शूटिंग कब शुरू होगी, इन सवालों के जवाब का इंतजार है।

इस बीच विद्या बालन के आगामी प्रोजेक्ट्स को लेकर भी चर्चा है। वह रजनीकांत की फिल्म ‘जेलर 2’ का हिस्सा होंगी। फिल्म में मिथुन चक्रवर्ती और मोहन बाबू भी नजर आएंगे। इसका निर्देशन नेल्सन दिलीपकुमार कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *