वड़ा पाव के साथ सिर्फ फोटोशूट कर ट्रोल हुए शाहिद-कृति-रश्मिका, फैंस बोले- खाना नहीं था तो लिया ही क्यों?

KNEWS DESK – अपकमिंग फिल्म Cocktail 2 के प्रमोशन में जुटे Shahid Kapoor, Kriti Sanon और Rashmika Mandanna का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुणे में प्रमोशनल इवेंट के दौरान तीनों सितारे वड़ा पाव के साथ कैमरे के सामने पोज देते नजर आए, लेकिन उसे खाने से बचते दिखे। यही बात अब सोशल मीडिया यूजर्स को पसंद नहीं आ रही है।

वायरल वीडियो में कृति सेनन मजाकिया अंदाज में पूछती नजर आती हैं कि क्या उन्हें सच में कैमरों के सामने वड़ा पाव खाना होगा। वहीं रश्मिका मंदाना कहती हैं कि क्या सिर्फ इसके साथ पोज देकर काम नहीं चल सकता। जब पैपराजी ने शाहिद कपूर से वड़ा पाव का एक बाइट लेने का अनुरोध किया, तो अभिनेता ने हंसते हुए जवाब दिया कि यह सब मीडिया के लिए है। हालांकि बाद में कृति ने औपचारिकता निभाते हुए एक छोटा सा बाइट जरूर लिया।

वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। कई यूजर्स ने कलाकारों पर सिर्फ दिखावे के लिए स्थानीय खाने का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। कुछ लोगों ने कहा कि अगर खाना नहीं था तो हाथ में लेने की जरूरत ही क्या थी। वहीं कुछ फैंस ने सितारों के सख्त डाइट रूटीन का बचाव भी किया और कहा कि कलाकारों को अपने फिटनेस प्लान का भी ध्यान रखना पड़ता है।

फिल्म कॉकटेल 2 की बात करें तो यह 19 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म का निर्देशन Homi Adajania ने किया है। ट्रेलर और गानों को दर्शकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिली है। यह साल 2012 में आई सुपरहिट फिल्म Cocktail का स्पिरिचुअल सीक्वल है, जिसने बॉक्स ऑफिस पर शानदार सफलता हासिल की थी और Deepika Padukone के करियर को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया था।

अब देखना दिलचस्प होगा कि सोशल मीडिया पर चल रही इस चर्चा का फिल्म की लोकप्रियता पर कोई असर पड़ता है या नहीं।