knews desk – बॉलीवुड एक्टर संजय दत्त इन दिनों अपने एक बयान को लेकर चर्चा में हैं। शेखर सुमन के शो ‘शेखर टुनाइट’ में उनके द्वारा कही गई कुछ बातों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद उनकी आलोचना होने लगी। अब संजय दत्त ने इस मामले पर सफाई दी है और कहा है कि उनका इरादा किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था।
हाल ही में संजय दत्त ‘शेखर टुनाइट’ में पहुंचे थे। शो के दौरान हुई बातचीत में उनकी कुछ टिप्पणियां सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गईं। इसके बाद 4 अक्टूबर को संजय दत्त ने X पर एक पोस्ट शेयर कर अपनी बात रखी।
संजय दत्त ने कहा कि किसी भी व्यक्ति, समुदाय या संस्था की भावनाओं को ठेस पहुंचाना, उनका अपमान करना या उनका अनादर करना उनका उद्देश्य कभी नहीं रहा है। उन्होंने अपनी टिप्पणियों को एक स्क्रिप्टेड बातचीत का हिस्सा बताया, जिसका मकसद हल्का-फुल्का और हास्यपूर्ण संवाद करना था।
एक्टर ने कहा कि उनकी बातचीत का अंदाज ‘मुन्ना भाई’ जैसी फिल्मों में दिखाई गई हास्य और व्यंग्य की शैली से जुड़ा था। उन्होंने खास तौर पर ‘गांधीगिरी’ की सोच का जिक्र किया, जिसका उद्देश्य प्रेम, एकजुटता और सद्भावना का संदेश देना था।
संजय दत्त ने कहा कि दुर्भाग्य से उनकी बातों को मूल संदर्भ से अलग तरीके से समझा गया। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी टिप्पणियों के पीछे किसी का अपमान करने या किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाने की मंशा नहीं थी।
संजय दत्त की 2026 में आईं फिल्में
संजय दत्त की प्रोफेशनल लाइफ की बात करें तो साल 2026 में वह 6 फिल्मों में नजर आए हैं। इनमें ‘द राजा साब’, ‘धुरंधर 2’, ‘केडी: द डेविल’, ‘राजा शिवाजी’, ‘7 डॉग्स’ और ‘आखिरी सवाल’ शामिल हैं। ‘7 डॉग्स’ एक इंटरनेशनल फिल्म है, जिसमें उन्होंने सलमान खान के साथ कैमियो किया था।
वहीं, संजय दत्त की आने वाली फिल्मों में ‘रेंजर’ और ‘खलनायक रिटर्न्स’ का नाम शामिल है।