7 साल बाद फिर बनेगी संजय लीला भंसाली की ‘इंशाअल्लाह’? आलिया भट्ट के साथ शुरू हुई बातचीत

knews desk – संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘इंशाअल्लाह’ एक बार फिर चर्चा में है। साल 2019 में इस फिल्म का ऐलान किया गया था, जिसमें आलिया भट्ट और सलमान खान मुख्य भूमिकाओं में नजर आने वाले थे। हालांकि, सलमान खान और भंसाली के बीच क्रिएटिव मतभेदों के कारण फिल्म को बंद करना पड़ा था। अब खबर है कि भंसाली और आलिया इस प्रोजेक्ट पर दोबारा काम करने की तैयारी कर रहे हैं।

मिड डे की रिपोर्ट के मुताबिक, आलिया भट्ट फिलहाल संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘लव एंड वॉर’ में काम कर रही हैं। इस फिल्म के बाद दोनों ‘इंशाअल्लाह’ पर काम शुरू कर सकते हैं। हालांकि, इस बार फिल्म की कहानी को नए तरीके से पेश करने की योजना है। रिपोर्ट में सूत्र के हवाले से बताया गया है कि फिल्म की मूल कहानी पहले जैसी ही रहेगी, लेकिन स्क्रिप्ट में जरूरी बदलाव किए जाएंगे।

इससे पहले भंसाली ने एक इंटरव्यू में बताया था कि जब आलिया को ‘इंशाअल्लाह’ के बंद होने की जानकारी मिली थी, तो वह काफी भावुक हो गई थीं और खूब रोई थीं।

फिल्म की स्टार कास्ट को लेकर अभी कोई फैसला नहीं हुआ है। पिछले साल खबरें आई थीं कि सलमान खान की जगह शाहरुख खान फिल्म का हिस्सा बन सकते हैं। हालांकि, इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी।

रिपोर्ट के मुताबिक, भंसाली स्क्रिप्ट पूरी होने के बाद ही कास्टिंग पर फैसला करेंगे। सलमान फिलहाल राज एंड डीके की फिल्म में व्यस्त हैं, जबकि शाहरुख खान ने ‘किंग’ के बाद अपने अगले प्रोजेक्ट की घोषणा नहीं की है। ऐसे में फिल्म के लिए किसी युवा अभिनेता को भी चुना जा सकता है।

फिलहाल ‘इंशाअल्लाह’ पर दोबारा काम शुरू होने को लेकर संजय लीला भंसाली या आलिया भट्ट की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *