KNEWS DESK – बॉलीवुड एक्टर अजय देवगन इन दिनों अपनी अपकमिंग एक्शन-एडवेंचर फिल्म ‘रेंजर’ को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म लंबे समय से बन रही है और अब इसके क्लाइमैक्स को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मेकर्स ने फिल्म के आखिरी एक्शन सीक्वेंस को दोबारा शूट करने का फैसला किया है और इसकी जिम्मेदारी खुद अजय देवगन संभाल रहे हैं।
अजय देवगन ने संभाली डायरेक्शन की कमान
‘रेंजर’ का निर्देशन जगन शक्ति कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि टीम को लगा कि फिल्म के क्लाइमैक्स को और ज्यादा दमदार और प्रभावशाली बनाने की जरूरत है। इसी वजह से आखिरी एक्शन सीन को रीशूट किया जा रहा है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, जगन शक्ति के कहने पर अजय देवगन क्लाइमैक्स की शूटिंग के दौरान डायरेक्टर की कुर्सी पर बैठे हैं। एक्शन फिल्मों में अजय के लंबे अनुभव को देखते हुए माना गया कि वह इस सीक्वेंस को बेहतर तरीके से विजुअलाइज कर सकते हैं।
अजय और संजय दत्त के बीच होगा बड़ा एक्शन
बताया जा रहा है कि जगन शक्ति ने अजय देवगन और संजय दत्त को लेकर एक खास एक्शन सीक्वेंस तैयार किया था। हालांकि, बाद में मेकर्स को लगा कि इस सीन को और बड़े स्तर पर फिल्माया जाना चाहिए।
इसी के चलते क्लाइमैक्स को दोबारा शूट करने का फैसला लिया गया। रिपोर्ट के अनुसार, अजय देवगन ने एक्शन डायरेक्टर केविन कुमार के साथ मुंबई के विले पार्ले स्थित गोल्डन टोबैको स्टूडियो में क्लाइमैक्स की शूटिंग शुरू भी कर दी है।
टीम चाहती है कि फिल्म का आखिरी एक्शन सीक्वेंस दर्शकों के लिए जबरदस्त सिनेमाई अनुभव बने और इसमें किसी तरह का समझौता न किया जाए।
4 दिसंबर को रिलीज होने की चर्चा
‘रेंजर’ में अजय देवगन के साथ संजय दत्त और तमन्ना भाटिया भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म की रिलीज को लेकर फिलहाल 4 दिसंबर 2026 की तारीख चर्चा में है।
हालांकि, रिपोर्ट्स में यह भी कहा जा रहा है कि मेकर्स फिल्म को अगले साल तक पोस्टपोन करने पर विचार कर सकते हैं। अभी तक रिलीज को लेकर आधिकारिक तौर पर स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है।
अब देखना होगा कि अजय देवगन की यह एक्शन-एडवेंचर फिल्म इसी साल सिनेमाघरों में दस्तक देती है या दर्शकों को इसके लिए अगले साल तक इंतजार करना पड़ेगा।