‘मिर्जापुर: द मूवी’ की एडवांस बुकिंग का भौकाल, कालीन भैया और गुड्डू ने दी फैंस को चेतावनी

KNEWS DESK – मिर्जापुर’ के फैंस का लंबा इंतजार अब खत्म होने वाला है. वेब सीरीज की दुनिया में तहलका मचाने के बाद अब ‘मिर्जापुर: द मूवी’ बड़े पर्दे पर अपना भौकाल दिखाने के लिए तैयार है. फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही जबरदस्त उत्साह है और रिलीज से पहले ही इसकी एडवांस बुकिंग को अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है.

वेब सीरीज में कालीन भैया और गुड्डू पंडित के बीच सत्ता और वर्चस्व की लड़ाई ने दर्शकों को खूब रोमांचित किया था. अब इसी दुनिया को बड़े पर्दे पर आगे बढ़ाया जा रहा है. फिल्म की रिलीज से पहले मेकर्स ने प्रमोशन का ऐसा अंदाज अपनाया है, जिसने फैंस की एक्साइटमेंट और बढ़ा दी है.

एडवांस बुकिंग के लिए मैदान में उतरे कालीन भैया और गुड्डू

‘मिर्जापुर: द मूवी’ की एडवांस बुकिंग शुरू हो चुकी है. खास बात यह है कि फिल्म के प्रमोशन के लिए कालीन भैया, गुड्डू पंडित और बबलू पंडित के किरदार भी फैंस से टिकट बुक करने की अपील करते नजर आ रहे हैं.

एक्सल मूवीज के यूट्यूब चैनल पर शेयर किए गए वीडियो में तीनों सितारे अपने-अपने अंदाज में दर्शकों को फिल्म की टिकट पहले से बुक करने की सलाह देते हैं.

वीडियो में कालीन भैया अपने पुराने रौब में नजर आते हैं. वह फैंस को चेतावनी देते हुए कहते हैं कि अगर इस बार टिकट बुक करने से चूक गए और मौका हाथ से निकल गया, तो रिस्क है.

इसके बाद गुड्डू पंडित अपने अंदाज में कहते हैं कि अगर घर पहुंचने के बाद पछतावा हुआ और दूसरे लोग सिनेमाघर से लौटकर पूरी कहानी बता दें, तो रिस्क वहां भी है.

आखिर में बबलू पंडित भी फैंस को देर किए बिना टिकट बुक करने की सलाह देते हैं.

एडवांस बुकिंग में अब तक कितनी कमाई?

सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म की एडवांस बुकिंग को शुरुआती दौर में अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है.

रिपोर्ट के अनुसार, ‘मिर्जापुर: द मूवी’ के हिंदी 2D वर्जन के लिए पहले दिन के करीब 23,813 टिकटों की प्री-सेल हो चुकी है. इससे फिल्म ने ब्लॉक सीटों को छोड़कर करीब 78.89 लाख रुपये की कमाई कर ली है.

वहीं, ब्लॉक सीटों को भी शामिल करने पर फिल्म का प्री-सेल कलेक्शन करीब 1.87 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है.

फिल्म की रिलीज में अभी कुछ दिन बाकी हैं, ऐसे में एडवांस बुकिंग के आंकड़ों में और इजाफा होने की उम्मीद है.

4 सितंबर को सिनेमाघरों में आएगी फिल्म

‘मिर्जापुर: द मूवी’ 4 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है. फिल्म को लेकर फैंस के बीच पहले से ही काफी उत्साह है.

वेब सीरीज के लोकप्रिय किरदारों को बड़े पर्दे पर देखने के लिए दर्शक खास तौर पर एक्साइटेड हैं. ऐसे में एडवांस बुकिंग के शुरुआती आंकड़े यह संकेत दे रहे हैं कि फिल्म को रिलीज से पहले ही दर्शकों का अच्छा सपोर्ट मिल रहा है.

अब देखना होगा कि कालीन भैया और गुड्डू पंडित का ये सिनेमाई भौकाल बॉक्स ऑफिस पर कितना बड़ा असर डालता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *