Mahakali: अक्षय खन्ना के बाद जितिन गुलाटी की हुई एंट्री, बोले- ‘महाकाली’ इस जॉनर में बनेगी बेंचमार्क

KNEWS DESK – प्रशांत वर्मा की फिल्म ‘हनुमान’ ने दर्शकों को खूब प्रभावित किया था। अब उनका प्रशांत वर्मा सिनेमैटिक यूनिवर्स (PVCU) लगातार विस्तार कर रहा है। इसी कड़ी में उनकी दो बड़ी फिल्में ‘जय हनुमान’ और ‘महाकाली’ चर्चा में हैं। ‘जय हनुमान’ में ऋषभ शेट्टी लीड रोल में नजर आएंगे, जबकि ‘महाकाली’ में अक्षय खन्ना शुक्राचार्य के किरदार में दिखाई देंगे।

हाल ही में ‘महाकाली’ का पहला लुक और प्रोमो रिलीज किया गया, जिसे दर्शकों की अच्छी प्रतिक्रिया मिली। फिल्म की स्टारकास्ट में श्रिया रेड्डी, भूमि शेट्टी, रोहित सराफ, खुशबू सुंदर, राकेश बेदी, समुथिरकानी और रजत कपूर जैसे कलाकार शामिल हैं। अब फिल्म में एक और एक्टर की एंट्री हो गई है।

‘महाकाली’ में शामिल हुए जितिन गुलाटी

जितिन गुलाटी अब ‘महाकाली’ की कास्ट का हिस्सा बन गए हैं। वह फिल्म में एक अहम किरदार निभाते नजर आएंगे। हाल ही में एक्टर ने बताया कि आखिर उन्हें इस बड़े प्रोजेक्ट में काम करने का मौका कैसे मिला।

जितिन ने बताया कि ‘हनुमान’ देखने के बाद से ही वह प्रशांत वर्मा के साथ काम करना चाहते थे। उनके साथ पहले काम कर चुके कुछ लोगों ने ‘महाकाली’ के लिए उनका नाम आगे बढ़ाया। इसके बाद उन्हें प्रशांत वर्मा और फिल्म की डायरेक्टर पूजा कोल्लुरु से मिलने का मौका मिला।

एक्टर ने उन लोगों का शुक्रिया भी अदा किया, जिन्होंने फिल्ममेकर्स तक उनके काम की जानकारी पहुंचाई और उन्हें इस प्रोजेक्ट से जुड़ने का मौका दिलाया।

डायरेक्टर का विजन आया पसंद

जितिन ने बताया कि ‘महाकाली’ की शूटिंग पिछले साल शुरू हुई थी और अब फिल्म की शूटिंग पूरी होने वाली है। उन्होंने कहा कि इस किरदार को लेकर डायरेक्टर पूजा कोल्लुरु का विजन उन्हें सबसे ज्यादा पसंद आया।

जितिन के मुताबिक, पूजा ने किरदार की संभावनाओं और उसे नए अंदाज में पेश करने की योजना के बारे में जिस जुनून के साथ बताया, उससे वह काफी प्रभावित हुए।

‘महाकाली’ को लेकर क्या बोले जितिन?

फिल्म के जॉनर को लेकर जितिन गुलाटी ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि ‘महाकाली’ इस जॉनर में एक बेंचमार्क साबित होगी। उन्होंने कहा कि जब भी इस जॉनर की बात होगी, तब प्रशांत वर्मा, पूजा कोल्लुरु और PVCU एक बड़ी ताकत के रूप में सामने आएंगे।

अब अक्षय खन्ना समेत शानदार स्टारकास्ट और प्रशांत वर्मा के सिनेमैटिक यूनिवर्स को देखते हुए ‘महाकाली’ को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *