KNEWS DESK – बॉलीवुड एक्ट्रेस जैकलीन फर्नांडिस एक बार फिर 200 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग केस को लेकर सुर्खियों में हैं। इस मामले में उनका नाम कथित ठग सुकेश चंद्रशेखर के साथ जुड़ा हुआ है, जिस पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) जांच कर रही है।
हाल ही में जैकलीन ने इस केस में बड़ा कदम उठाते हुए सरकारी गवाह बनने की इच्छा जताई है। 17 अप्रैल को उनके वकील ने पटियाला हाउस कोर्ट में याचिका दाखिल कर यह अनुमति मांगी थी। इसके बाद कोर्ट ने ईडी को नोटिस जारी करते हुए जवाब मांगा था।
20 अप्रैल को हुई सुनवाई में ईडी ने जैकलीन की इस अर्जी पर जवाब दाखिल करने के लिए समय की मांग की। कोर्ट ने इसे स्वीकार करते हुए मामले की अगली सुनवाई 8 मई तक के लिए टाल दी है। अब नजरें अगली तारीख पर टिकी हैं, जहां यह तय होगा कि जैकलीन को सरकारी गवाह बनने की मंजूरी मिलती है या नहीं।
इस केस में सुकेश चंद्रशेखर और उनकी पत्नी लीना पॉल पर गंभीर आरोप हैं। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, दोनों ने हवाला नेटवर्क और शेल कंपनियों के जरिए अवैध पैसे को इधर-उधर किया। इस मामले में महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (MCOCA) के तहत भी कार्रवाई की गई है।
जांच के दौरान यह भी सामने आया था कि सुकेश ने जैकलीन को कई महंगे गिफ्ट्स दिए थे, जिसके बाद ईडी ने उन्हें भी केस में सह-आरोपी बनाया। इससे पहले एजेंसी कई बार उनसे पूछताछ भी कर चुकी है।