पचपदरा रिफाइनरी में भीषण आग के चलते पीएम मोदी का दौरा स्थगित, उद्घाटन कार्यक्रम भी टला

डिजिटल डेस्क- राजस्थान के बालोतरा जिले स्थित पचपदरा रिफाइनरी में मंगलवार से पहले ही बड़ा हादसा हो गया, जिसके चलते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रस्तावित दौरा स्थगित कर दिया गया। जानकारी के मुताबिक, रिफाइनरी में सोमवार दोपहर अचानक भीषण आग लग गई, जिसने पूरे परिसर में अफरा-तफरी मचा दी। आग इतनी भयंकर थी कि तीन घंटे से अधिक समय तक लगातार प्रयासों के बावजूद उस पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो दर्जन से अधिक गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया गया। प्रशासन और आपातकालीन टीमें लगातार हालात को नियंत्रित करने में जुटी रहीं। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में अब तक किसी के हताहत होने की खबर सामने नहीं आई है।

21 अप्रैल को प्रस्तावित था दौरा

इस रिफाइनरी का उद्घाटन प्रधानमंत्री मोदी द्वारा 21 अप्रैल को किया जाना था। उनके कार्यक्रम में उद्घाटन के साथ एक बड़ी जनसभा को संबोधित करना भी शामिल था। लेकिन आग लगने की इस घटना के बाद सुरक्षा कारणों से पूरा कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया। राजस्थान सरकार और मुख्यमंत्री कार्यालय ने इसकी आधिकारिक पुष्टि कर दी है। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को भी मंगलवार शाम पचपदरा पहुंचना था, लेकिन प्रधानमंत्री का कार्यक्रम रद्द होने के बाद उनका दौरा भी निरस्त कर दिया गया। मुख्यमंत्री को जयपुर से शाम 4 बजे रवाना होना था, लेकिन अब वह अपने आवास पर ही मौजूद हैं।

मंत्रालय की ओर से सोशल मीडिया पर दी गई जानकारी

इस घटना पर पेट्रोलियम मंत्रालय ने भी प्रतिक्रिया दी है। मंत्रालय की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जानकारी दी गई कि एचआरआरएल (HRRL) रिफाइनरी में क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट के पास आग लगने के कारण उद्घाटन कार्यक्रम को फिलहाल टाल दिया गया है। साथ ही यह भी बताया गया कि आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया है और स्थिति अब नियंत्रण में है। घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है और आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे। HPCL और राजस्थान सरकार के संयुक्त उपक्रम के रूप में विकसित यह रिफाइनरी देश की पहली ग्रीनफील्ड इंटीग्रेटेड रिफाइनरी-कम-पेट्रोकेमिकल परियोजनाओं में से एक है। इसे भारत की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने और आयात पर निर्भरता कम करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *