KNEWS DESK – सनी देओल और अक्षय खन्ना एक बार फिर बड़े पर्दे पर साथ नजर आने वाले हैं, लेकिन इस बार दोनों आमने-सामने की टक्कर में दिखाई देंगे। सिद्धार्थ पी. मल्होत्रा की फिल्म ‘इक्का’ में दीया मिर्जा और तिलोत्तमा शोम भी अहम भूमिकाओं में हैं। फिल्म 10 जुलाई को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी और इसका ट्रेलर पहले ही दर्शकों के बीच चर्चा में है।
इसी बीच फिल्म के ट्रेलर लॉन्च इवेंट में तिलोत्तमा शोम ने शूटिंग के दौरान का एक मजेदार किस्सा साझा किया। उन्होंने बताया कि वह सेट पर अक्षय खन्ना को पहचान ही नहीं पाईं और उनके सामने से निकल गईं। बाद में खुद अक्षय ने उन्हें आवाज देकर रोका।
अक्षय खन्ना को क्यों नहीं पहचान पाईं?
तिलोत्तमा शोम ने बताया, “मैंने अक्षय खन्ना को कभी मुस्कुराते हुए नहीं देखा था। एक दिन शूट खत्म करके जा रही थी, तभी एक शख्स मुस्कुराते हुए मेरी तरफ आया। मैंने भी मुस्कुराकर आगे बढ़ना चाहा, तभी उन्होंने कहा, ‘तिलोत्तमा।’ जब मैं मुड़ी तो देखा कि वो अक्षय खन्ना थे। मैं उन्हें इसलिए नहीं पहचान पाई क्योंकि वह मुस्कुरा रहे थे। वह सच में बहुत प्यारे इंसान हैं।”
इवेंट के दौरान तिलोत्तमा अपने अनुभव साझा करते हुए भावुक भी हो गईं। उन्होंने कहा कि सनी देओल जैसे बड़े कलाकार के साथ काम करना उनके लिए बेहद खास अनुभव रहा।
कौन हैं तिलोत्तमा शोम?
तिलोत्तमा शोम ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत साल 2001 में मीरा नायर की फिल्म ‘मॉनसून वेडिंग’ से की थी, जिसमें उन्होंने ‘एलिस’ का किरदार निभाया था। इसके बाद वह ‘शैडोज ऑफ टाइम’, ‘हिंदी मीडियम’, ‘अंग्रेजी मीडियम’, ‘लस्ट स्टोरीज 2’, ‘दिल्ली क्राइम’, ‘पाताल लोक’ और कई चर्चित फिल्मों व वेब सीरीज में नजर आ चुकी हैं।
फिल्म ‘सर’ में शानदार अभिनय के लिए उन्हें फिल्मफेयर क्रिटिक्स अवॉर्ड फॉर बेस्ट एक्ट्रेस भी मिला था। अब तिलोत्तमा अपनी आगामी फिल्म ‘इक्का’ को लेकर काफी उत्साहित हैं, जिसमें उनकी जोड़ी पहली बार अक्षय खन्ना और सनी देओल जैसे दमदार कलाकारों के साथ देखने को मिलेगी।