ग्रैमी अवॉर्ड में भारत की धूम संगीतकार रिकी केज ने तीसरी बार जीता पुरस्कार

ग्रैमी अवॉर्ड्स में एक बार फिर भारत का परचम लहराया जा चुका है। भारतीय म्यूजिक कंपोजर रिकी केज ने तीसरी बार ग्रैमी अवॉर्ड अपने नाम किया है। रिकी को उनके एल्बम ‘डिवाइन टाइड्स’ के लिए इस अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। ग्रैमी अवॉर्ड्स 2023 आज 6 फरवरी को भारत में लाइव प्रसारित किया गया।

इस बार ग्रैमी अवॉर्ड्स में कुछ बदलाव किए गए थे। इस अवॉर्ड शो में कुछ नए अवॉर्ड को भी शामिल किए गए हैं जैसे कि सॉन्ग राइटर ऑफ द ईयर, बेस्ट स्कोर साउंड ट्रैक फॉर वीडियो गेम्स समेत और भी कई कैटेगरी शामिल की गई हैं।

भारतीय संगीतकार रिकी केज ने तीसरी बार ग्रमी अवॉर्ड जीता है। रिकी केज के एल्बम को सर्वश्रेष्ठ इमर्सिव ऑडियो एल्बम कैटगरी में नॉमिनेट किया गया था। संगीतकार ने इस अवार्ड को मशहूर ब्रिटिश रॉक बैंड ‘द पुलिस’ के ड्रमर स्टीवर्ट कोपलैंड के साथ शेयर किया है। बता दें, स्टीवर्ट कोपलैंड ने इस एल्बम में रिकी के साथ सहयोग किया था। 65वें ग्रैमी अवार्ड्स में दोनों को यह अवॉर्ड सर्वश्रेष्ठ इमर्सिव ऑडियो एल्बम कैटेगरी के लिए प्राप्त हुआ है।

रिकी केज ने ट्विटर  पर इस खुशी को अपने फैंस के साथ शेयर किया है। उन्होंने कुछ फोटोज शेयर की हुई हैं। जिनमें वह अवॉर्ड लिए हुए नजर आ रहे हैं। तस्वीर पोस्ट करते हुए रिकी ने लिखा कि ‘अभी-अभी मैंने तीसरा ग्रैमी अवॉर्ड जीता है। बहुत आभारी हूँ, स्पीचलेस हूँ! मैं यह पुरस्कार भारत को समर्पित करता हूं।’

आपको बता दें कि म्यूजिक कंपोजर रिकी केज ने पहली बार साल 2015 में अपने एल्बम ‘विंड्स ऑफ समसारा’ के लिए यह अवॉर्ड जीता था। इसके बाद उन्होंने साल 2022 में एल्बम ‘डिवाइन टाइड्स’ के लिए ‘बेस्ट न्यू एज एल्बम’ की कैटेगरी में स्टीवर्ट कोपलैंड के साथ ग्रैमी अवॉर्ड जीता था। रिपोर्ट्स के मुताबिक रिकी ने 30 देशों में कुल 100 संगीत पुरस्कार जीते हैं। रिकी को यूनाइटेड नेशंस ग्लोबल ह्यूमैनिटेरियन आर्टिस्ट और यूथ आइकॉन ऑफ इंडिया के लिए नॉमिनेट किया जा चुका है। रिकी ने संयुक्त राष्ट्र हेडक्वार्टर भी प्रस्तुति दी है।

About Post Author